एसपी का बड़ा एक्शन: 24 घंटे में बदल गए कई थानों के चेहरे। कानून-व्यवस्था सुधारने को बड़ी तैनाती
बगहा एसपी रामानंद कुमार कौशल ने किया पुलिस पदाधिकारियों का बड़ा तबादला। वाल्मीकिनगर, चौतरवा और पठखौली समेत कई थानों के बदले गए थानाध्यक्ष। 24 घंटे में ज्वाइनिंग का आदेश।
Bagaha - बगहा पुलिस जिले में कानून-व्यवस्था को चाक-चौबंद करने और पुलिसिंग को धार देने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक (SP) रामानंद कुमार कौशल ने बड़े पैमाने पर पुलिस पदाधिकारियों का तबादला किया है। एसपी ने स्पष्ट आदेश जारी किया है कि सभी संबंधित अधिकारी 24 घंटे के भीतर अपने नए पदस्थापन स्थल पर योगदान सुनिश्चित करेंगे। इस फेरबदल को प्रशासनिक दृष्टिकोण से काफी अहम माना जा रहा है।
संजय पाठक को बड़ी जिम्मेदारी, नीरज पासवान बने बगहा अंचल के प्रभारी
जारी आदेश के अनुसार, बगहा अंचल के पुलिस निरीक्षक संजय कुमार पाठक को एसपी कार्यालय में विधि-व्यवस्था व मद्यनिषेध की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। साथ ही उन्हें पठखौली थाना का पर्यवेक्षण पदाधिकारी भी बनाया गया है। वहीं, रामनगर से स्थानांतरित कर नीरज कुमार पासवान को बगहा अंचल का नया प्रभारी निरीक्षक नियुक्त किया गया है।
वाल्मीकिनगर और चौतरवा समेत कई थानों को मिले नए थानाध्यक्ष
पुलिसिंग में कार्यकुशलता बढ़ाने के लिए कई थानों की कमान बदली गई है:
मनोज कुमार: यातायात थानाध्यक्ष से वाल्मीकिनगर के नए थानाध्यक्ष।
शुभम कुमार सिंह: नौरंगिया से स्थानांतरित कर चौतरवा के नए थानाध्यक्ष।
राज रोशन कुमार: सेमरा थानाध्यक्ष से अब नौरंगिया थानाध्यक्ष की जिम्मेदारी।
उत्पल कांत: बगहा थाने के दारोगा से अब पठखौली थानाध्यक्ष।
राहुल कुमार: गोबरहिया थाना के नए थानाध्यक्ष।
रश्मि कुमारी: ठकराहा से अब सेमरा की नई थानाध्यक्ष।
रूबी कुमारी: महिला थाना की नई कमान।
-
साइबर और यातायात पुलिस में भी बदलाव
पठखौली थानाध्यक्ष हृदयानंद सिंह को उनकी कार्यक्षमता के आधार पर साइबर थाना भेजा गया है। वहीं, साइबर थाना में पदस्थापित अनुज कुमार को अब यातायात थानाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई है। इसके अलावा, पुलिस निरीक्षक योगेंद्र रवि दास को रामनगर थाना का पर्यवेक्षी पदाधिकारी नियुक्त किया गया है।
कड़ा रुख: लापरवाही पर गाज, बेहतर पुलिसिंग ही लक्ष्य
एसपी रामानंद कुमार कौशल ने बताया कि यह फेरबदल रिक्त पदों को भरने और कार्यकुशलता बढ़ाने के उद्देश्य से किया गया है। गोबरहिया थानाध्यक्ष दुर्गेश कुमार को रामनगर थाना में कनीय अवर निरीक्षक (ASI) के रूप में भेजा गया है, जबकि पूपा कुमारी ट्विंकल को महिला थाना से हटाकर अभियोजन कोषांग में पदस्थापित किया गया है। एसपी ने संकेत दिए हैं कि जल्द ही कुछ अन्य पुलिस निरीक्षकों और थानाध्यक्षों के भी तबादले किए जाएंगे।