ओमान की खाड़ी में मिसाइल अटैक, हमले के बाद बेतिया के कप्तान आशीष कुमार लापता, परिवार की बढ़ी चिंता

Oman Gulf missile attack: ओमान की खाड़ी में खड़े तेल टैंकर पर धमाके के बाद से जहाज के कप्तान, बिहार के बेतिया (पश्चिम चम्पारण) निवासी आशीष कुमार लापता बताए जा रहे हैं।....

Bettiah captain Ashish Kumar is missing after a missile atta
बेतिया के कप्तान आशीष कुमार लापता- फोटो : reporter

Oman Gulf missile attack: मध्य पूर्व में जारी जंग के साये के बीच एक और सनसनीखेज घटना सामने आई है। 1 मार्च को ओमान की खाड़ी में खड़े तेल टैंकर स्काई लाइट पर मिसाइल से हमला कर दिया गया। यह जहाज ओमान के खासब तट के पास लंगर डाले हुए था। धमाके के बाद से जहाज के कप्तान, बिहार के बेतिया (पश्चिम चम्पारण) निवासी आशीष कुमार लापता बताए जा रहे हैं।

हमले की खबर मिलते ही उनके परिवार में मातम और बेचैनी का माहौल है। परिजन लगातार किसी ठोस सूचना का इंतजार कर रहे हैं, लेकिन अब तक कप्तान आशीष कुमार के बारे में कोई स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है।

आशीष कुमार के भाई आकाश कुमार ने बताया कि घटना के बाद उन्होंने भारतीय दूतावास, ओमान से ईमेल के जरिए संपर्क साधा। 2 मार्च को शिपिंग कंपनी के एजेंट सुमित का फोन आया, जिसमें बताया गया कि जहाज पर मिसाइल अटैक हुआ है। कंपनी के अनुसार, अधिकांश चालक दल को सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया गया है, लेकिन कप्तान आशीष कुमार सहित दो अन्य सदस्य अब भी लापता हैं।

परिवार का आरोप है कि कंपनी और दूतावास की ओर से अब तक स्थिति स्पष्ट नहीं की गई है। हर गुजरते घंटे के साथ चिंता बढ़ती जा रही है। घर में मातम जैसा माहौल है, लेकिन उम्मीद की लौ अब भी जल रही है।

स्थानीय लोगों और परिजनों ने भारत सरकार से अपील की है कि मामले में तत्काल हस्तक्षेप कर ठोस कदम उठाए जाएं। युद्धग्रस्त इलाके में भारतीय नागरिकों की सुरक्षा को लेकर सवाल भी खड़े हो रहे हैं।

फिलहाल सबकी निगाहें सरकार और दूतावास की कार्रवाई पर टिकी हैं। परिवार को बस एक खबर का इंतजार है कप्तान आशीष कुमार सकुशल हैं और जल्द अपने वतन लौटेंगे।

रिपोर्ट- आशीष कुमार