Bihar Police: पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर प्रशासनिक बदलाव की शुरुआत,हर 14 दिन होगा मॉडल थाने का निरीक्षण
Bihar Police:बिहार पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर पश्चिम चंपारण जिले में एक महत्वपूर्ण प्रशासनिक पहल की शुरुआत की गई है।...
Bihar Police:बिहार पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर पश्चिम चंपारण जिले में एक महत्वपूर्ण प्रशासनिक पहल की शुरुआत की गई है। बेतिया के एसपी डॉ. शौर्य सुमन ने नरकटियागंज स्थित शिकारपुर थाना को गोद लेने की घोषणा की है।
कल देर शाम थाने के निरीक्षण के दौरान एसपी ने इस संबंध में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मुख्यालय के निर्देश के तहत शिकारपुर थाना को विशेष रूप से विकसित किया जाएगा, ताकि इसे एक मॉडल थाना के रूप में स्थापित किया जा सके।
एसपी ने कहा कि थाने की सिरिस्ता व्यवस्था को दुरुस्त किया जाएगा और पुलिस अधिकारियों एवं जवानों की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा। साथ ही ट्रैफिक व्यवस्था को मजबूत करने पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा। इसके लिए प्रमुख चौक-चौराहों पर ट्रैफिक पुलिस की तैनाती सुनिश्चित की जाएगी।
उन्होंने यह भी बताया कि शिकारपुर थाने का हर 14 दिन पर नियमित निरीक्षण किया जाएगा, ताकि कार्यप्रणाली पर लगातार नजर रखी जा सके और किसी भी प्रकार की लापरवाही को तुरंत सुधारा जा सके।
एसपी ने स्पष्ट किया कि थाने में आने वाले फरियादियों के साथ पुलिस का व्यवहार कैसा है, इस पर भी विशेष निगरानी रखी जाएगी। जनता के प्रति संवेदनशील और पारदर्शी पुलिसिंग को प्राथमिकता दी जाएगी।
उन्होंने कहा कि थाने की कानून-व्यवस्था को हर हाल में बेहतर बनाना लक्ष्य है और इसके लिए लगातार सुधारात्मक कदम उठाए जाएंगे।
इस पहल को पुलिस सुधार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है, जिससे स्थानीय स्तर पर पुलिसिंग व्यवस्था में सुधार और जनता का भरोसा मजबूत होने की उम्मीद है।
रिपोर्ट- आशिष कुमार