Bihar News : बगहा में सिंचाई को लेकर दो पक्षों में हुआ विवाद, फरसे से हमले में किसान की हुई मौत, पुलिस ने दो आरोपियों को किया गिरफ्तार
Bihar News : पश्चिम चंपारण जिले के बगहा अंतर्गत रामनगर थाना क्षेत्र के जूड़ा पकड़ी गांव में सिंचाई को लेकर हुआ मामूली विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। जिसमें एक किसान की मौत हो गयी.....पढ़िए आगे
BETTIAH : पश्चिम चंपारण जिले के बगहा अंतर्गत रामनगर थाना क्षेत्र के जूड़ा पकड़ी गांव में आज धान के खेत की सिंचाई (पटवन) को लेकर हुआ मामूली विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। पटवन के पानी को रोकने से शुरू हुई कहासुनी के बाद आरोपियों ने धारदार हथियार 'फरसा' से हमला कर दिया। इस हमले में बुरी तरह लहूलुहान हुए किसान मैनेजर मांझी की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई।
घटना के संबंध में रामनगर एसडीपीओ सत्येंद्र राम ने बताया कि विवाद की शुरुआत सिंचाई के पानी को लेकर हुई थी। शुरुआती बहस में आरोपी भगेलू चौधरी ने अपने दो बेटों के साथ मिलकर परशुराम मांझी नामक व्यक्ति के साथ मारपीट की। मारपीट के बाद परशुराम वहां से चले गए और बाद में अपने भाई तथा भतीजे मैनेजर मांझी के साथ आरोपियों से शिकायत करने पहुंचे।
आरोपियों के पास पहुंचने पर दोनों पक्षों के बीच विवाद एक बार फिर उग्र हो गया। आरोप है कि बहस के दौरान भगेलू चौधरी ने अपने बेटे पिंटू चौधरी को उकसाया, जिसके बाद पिंटू ने धारदार फरसे से मैनेजर मांझी पर जानलेवा हमला कर दिया। हमले में सिर और शरीर पर गंभीर चोट लगने के कारण मैनेजर मांझी वहीं गिर पड़े और आनन-फानन में अस्पताल ले जाने के बावजूद उनकी जान नहीं बचाई जा सकी।
वारदात की सूचना मिलते ही रामनगर थाना पुलिस एक्शन मोड में आ गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले के मुख्य आरोपी भगेलू चौधरी और उसके बेटे पिंटू चौधरी को गिरफ्तार कर लिया है। सरेआम हुई इस हत्या की वारदात से गांव में तनाव का माहौल है, जिसे नियंत्रित करने के लिए पुलिस बल तैनात किया गया है। रामनगर एसडीपीओ सत्येंद्र राम ने पुष्टि की है कि दो मुख्य आरोपियों को हिरासत में ले लिया गया है और घटना में शामिल अन्य संदिग्धों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा मामले की आगे की कानूनी जांच जारी है।
आशीष की रिपोर्ट