Bihar News: पुल पर पलटा डीजे वाहन, नर्तकियों समेत चार घायल, बारात की मस्ती बनी हादसे की दास्तान
Bihar News: बारात की रौनक अचानक अफरा-तफरी में बदल गई। डीजे की धुन पर झूमने जा रही टोली उस वक्त हादसे का शिकार हो गई जब पुल के पास एक डीजे वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। ....
Bihar News: बारात की रौनक अचानक अफरा-तफरी में बदल गई। डीजे की धुन पर झूमने जा रही टोली उस वक्त हादसे का शिकार हो गई जब 55 आरडी पुल के पास एक डीजे वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। इस दुर्घटना में चालक समेत चार लोग जख्मी हो गए, जिनमें डीजे ऑपरेटर और दो नर्तकियां भी शामिल हैं।
मिली जानकारी के मुताबिक पश्चिम चम्पारण के मझौलिया थाना क्षेत्र में रविवार की रात पारस पकड़ी से जगदीशपुर जा रही बारात के लिए “सुजीत रॉक डीजे” का चार पहिया वाहन साउंड सिस्टम और कलाकारों को लेकर रवाना हुआ था। लेकिन पुल के पास पहुंचते ही अचानक वाहन का संतुलन बिगड़ गया और देखते ही देखते डीजे गाड़ी सड़क पर पलट गई। चंद सेकंड में मस्ती का माहौल चीख-पुकार में तब्दील हो गया।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। डीजे की तेज धुन की जगह घायल लोगों की कराह सुनाई देने लगी। आसपास के राहगीर और स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और घायलों को बाहर निकालने की कोशिश शुरू की। सभी जख्मियों को फौरन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) मझौलिया पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने इलाज शुरू किया। राहत की बात यह है कि सभी की हालत फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है।
घटना की खबर मिलते ही डायल 112 पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंच गई। बताया जा रहा है कि दुर्घटना के बाद वाहन का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया था और चालक अंदर फंस गया था। पुलिस ने वाहन का आगे का शीशा तोड़कर चालक को बाहर निकाला।इस हादसे के कारण करीब एक घंटे तक पुल पर यातायात पूरी तरह ठप हो गया। सड़क के दोनों ओर गाड़ियों की लंबी कतार लग गई। बाद में पुलिस ने जेसीबी मंगाकर पलटे हुए वाहन को हटवाया, तब जाकर रास्ता साफ हो सका।
प्रत्यक्षदर्शियों की मानें तो चालक के नशे में होने की चर्चा भी हो रही है। वहीं कुछ लोग यह भी कह रहे हैं कि गाड़ी का स्टेयरिंग अचानक फेल हो गया, जिसके कारण वाहन बेकाबू होकर पलट गया।फिलहाल पुलिस पूरे मामले की तहकीकात में जुटी है। बारात की रात का यह हादसा इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है जहां जश्न की तैयारी थी, वहां कुछ ही पलों में खौफ और हादसे की कहानी लिखी गई।
Report- Ashish Kumar