'उद्योग संवाद' में DM ने सुनीं 100 से अधिक उद्यमियों की समस्याएं, जल्द निपटारे का दिया भरोसा
बेतिया समाहरणालय में आज जिलाधिकारी की अध्यक्षता में 'उद्योग संवाद' कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस बैठक में जिले के सौ से अधिक छोटे-बड़े उद्यमियों ने भाग लेकर बिजली, वाटर ड्रेनेज और प्रशासनिक क्लियरेंस जैसी कई समस्याएं डीएम के समझ रखी.....
Bettiah : पश्चिम चंपारण के बेतिया समाहरणालय सभाकक्ष में आज जिला प्रशासन की ओर से एक महत्वपूर्ण 'उद्योग संवाद' कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिला पदाधिकारी (DM) की अध्यक्षता में हुए इस विशेष संवाद में जिले के सौ से भी अधिक छोटे-बड़े उद्यमियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। ये वे उद्यमी हैं जो जिले के विभिन्न ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में छोटे-छोटे क्लस्टरों के माध्यम से अपने स्थानीय उद्योगों का संचालन कर रहे हैं और रोजगार के अवसर पैदा कर रहे हैं।
बिजली की किल्लत और आर्थिक नुकसान का उठा मुद्दा
उद्योग संवाद के दौरान उद्यमियों ने एक-एक कर जिला पदाधिकारी के समक्ष अपनी जमीनी समस्याओं और प्रशासनिक अड़चनों को खुलकर रखा। इस दौरान ज्यादातर उद्यमियों ने बिजली आपूर्ति से जुड़ी गंभीर समस्याओं की ओर डीएम का ध्यान आकर्षित किया। उद्यमियों का कहना था कि बिजली की अनियमितता और तकनीकी खामियों के कारण उन्हें उद्योग चलाने में भारी आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है, जिससे उत्पादन पर भी बुरा असर पड़ रहा है।
जमीन, ड्रेनेज और क्लियरेंस की दिक्कतों पर भी चर्चा
बिजली के अलावा कई अन्य महत्वपूर्ण बुनियादी मुद्दों पर भी इस बैठक में गहन चर्चा हुई। कुछ उद्यमियों ने जिला प्रशासन को बताया कि उन्हें वाटर ड्रेनेज (जल निकासी) की समुचित व्यवस्था न होने और नए उद्योगों के लिए जमीन की उपलब्धता सहित विभिन्न सरकारी विभागों से मिलने वाले क्लियरेंस (NOC) जैसी समस्याओं से लगातार जूझना पड़ रहा है। इन प्रशासनिक लेती-देती के कारण उद्योगों के विस्तार में देरी हो रही है।
डीएम का कड़ा रुख, ऑन-द-स्पॉट अधिकारियों को दिए निर्देश
जिला पदाधिकारी ने सभी उद्यमियों की बातों को बेहद गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुना। समस्याओं की सूची लंबी देख डीएम ने समाहरणालय सभाकक्ष में मौजूद संबंधित विभागों के आला अधिकारियों को तुरंत कड़े निर्देश जारी किए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि उद्यमियों द्वारा उठाई गई हर एक समस्या को गंभीरता से नोट किया जाए और उनके समयबद्ध निराकरण के लिए तत्काल धरातल पर कदम उठाए जाएं, ताकि जिले का औद्योगिक विकास न रुके।
बहुमूल्य सुझावों को नीति में शामिल करेगी सरकार
इस सफल बैठक के संबंध में जानकारी देते हुए जिला पदाधिकारी ने बताया कि आज के उद्योग संवाद का उद्देश्य केवल समस्याएं सुनना नहीं, बल्कि उनका ठोस समाधान निकालना है। उन्होंने यह भी कहा कि उद्यमियों ने बेतिया में औद्योगिक माहौल को बेहतर बनाने के लिए कई बहुमूल्य और व्यावहारिक सुझाव भी दिए हैं। जिला प्रशासन और संबंधित विभाग इन सुझावों को अपनी कार्ययोजना में समाहित करेंगे ताकि जिले में व्यापार करना और आसान (Ease of Doing Business) हो सके।
आशीष की रिपोर्ट