Bihar News : लौरिया एचपीसीएल चीनी मिल का गेट बंद होते ही भड़के गन्ना किसान, सड़क जाम कर काटा बवाल
Bihar News : पेराई सत्र समाप्त होने के बाद लौरिया एचपीसीएल चीनी मिल प्रबन्धन ने गेट बंद कर दिया. जिसके बाद किसानों का गुस्सा फूट पड़ा........पढ़िए आगे
BETTIAH : जिले के लौरिया एचपीसीएल चीनी मिल द्वारा अचानक पेराई सत्र समाप्त कर गेट बंद किए जाने से नाराज किसानों ने जमकर हंगामा किया और एनएच-727 को जाम कर दिया। बड़ी संख्या में किसान ट्रैक्टर-ट्रेलर पर गन्ना लादकर मिल गेट पर पहुंचे थे, लेकिन गेट बंद मिलने से वे आक्रोशित हो गए। इसके बाद किसानों ने अपने ट्रैक्टर-ट्रेलर को मिल गेट के सामने मुख्य सड़क पर खड़ा कर आवागमन बाधित कर दिया।
किसानों का कहना था कि क्षेत्र के किसानो के खेतों में आज भी काफी मात्रा में गन्ना खड़ा है, बावजूद इसके मिल प्रबंधन ने अचानक पेराई सत्र समाप्त कर दिया। किसानों का आरोप था कि मिल बंद होने की स्पष्ट सूचना नहीं मिलने के कारण वे गन्ना लेकर मिल पहुंच गए। किसानों ने बताया कि वे लौरिया चीनी मिल के आरक्षित क्षेत्र के किसान हैं और उनका गन्ना लेना मिल प्रबंधन की जिम्मेदारी है।
सड़क जाम की सूचना मिलते ही प्रशासन हरकत में आ गया। मौके पर लौरिया के प्रखंड विकास पदाधिकारी संजीव कुमार, थानाध्यक्ष रमेश कुमार शर्मा तथा जदयू जिलाध्यक्ष कन्हैया कुशवाहा पहुंचे और किसानों से बातचीत कर स्थिति को शांत करने का प्रयास किया। अधिकारियों ने किसानों की समस्याएं सुनीं और चीनी मिल प्रबंधन से वार्ता की। बाद में सहायक ईख आयुक्त उत्तर बिहार रेमंत झा के निर्देश पर किसानों को राहत देते हुए शाम छह बजे तक के लिए मिल का गेट खोल दिया गया। इसके बाद किसानों ने जाम समाप्त कर दिया और गन्ना तौल की प्रक्रिया शुरू कराई गई।
वहीं इस मामले में ऑफ द कैमरा चीनी मिल के जीएम सुमित भाटी और महाप्रबंधक (गन्ना) विनोद कुमार राठी ने बताया कि मिल बंद होने की जानकारी किसानों को एसएमएस और तीन अलग-अलग नोटिस के माध्यम से दी गई थी। इसके अतिरिक्त दो दिन अतिरिक्त पेराई भी कराई गई थी, लेकिन इसके बावजूद कई किसान समय पर गन्ना नहीं ला सके, जिसके कारण मिल को बंद करना पड़ा।
आशीष की रिपोर्ट