पश्चिम चंपारण में इलेक्ट्रिक स्कूटी शोरूम में भीषण आग, 5 स्कूटी और कई लिथियम बैटरियां जलकर राख
पड़ोसी दुकानदारों ने शोरूम से धुआं निकलते देखा। इसके बाद उन्होंने शटर तोड़कर अंदर देखा तो कई स्कूटियां आग की लपटों में घिरी हुई थीं। घटना की सूचना तुरंत शोरूम मालिक और स्थानीय पुलिस को दी गई।
Bihar News : पश्चिम चंपारण जिले के रामनगर थाना क्षेत्र स्थित सोनखर चौक पर एक इलेक्ट्रिक स्कूटी शोरूम में मंगलवार को अचानक आग लगने से लाखों रुपये की संपत्ति जलकर राख हो गई। आग लगने के समय शोरूम बंद था और बाहर से शटर पर ताला लगा हुआ था, जिसके कारण अंदर रखी स्कूटियों और बैटरियों को बचाया नहीं जा सका।
जानकारी के अनुसार, पड़ोसी दुकानदारों ने शोरूम से धुआं निकलते देखा। इसके बाद उन्होंने शटर तोड़कर अंदर देखा तो कई स्कूटियां आग की लपटों में घिरी हुई थीं। घटना की सूचना तुरंत शोरूम मालिक और स्थानीय पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों के सहयोग से काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। हालांकि तब तक शोरूम में रखी 5 इलेक्ट्रिक स्कूटियां और करीब आधा दर्जन लिथियम बैटरियां पूरी तरह जल चुकी थीं।
प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक, इस अग्निकांड में करीब 5 लाख रुपये से अधिक की संपत्ति का नुकसान हुआ है। आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल सका है। पुलिस और संबंधित विभाग मामले की जांच में जुट गए हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार, समय रहते आग पर काबू नहीं पाया जाता तो आसपास की अन्य दुकानों को भी भारी नुकसान हो सकता था। फिलहाल घटना के कारणों की जांच जारी है।
आशिष कुमार की रिपोर्ट