नरकटियागंज में भव्य दीक्षांत परेड समारोह संपन्न: 36 सप्ताह के कठिन प्रशिक्षण के बाद बिहार पुलिस को मिले 152 नए जवान
Bihar News : कड़े शारीरिक और सामरिक प्रशिक्षण को पार कर बिहार पुलिस को 152 नए रक्षक मिल गए। पश्चिम चंपारण के नरकटियागंज स्थि एसएसबी 44वीं वाहिनी परिसर में 152 प्रशिक्षु जवानों के दीक्षांत परेड समारोह संपन्न हो गया...
Bettiah : नरकटियागंज स्थित सशस्त्र सीमा बल (SSB) की 44वीं वाहिनी का परिसर शुक्रवार को पूरी तरह देशभक्ति, जोश और कड़े अनुशासन के रंग में सराबोर नजर आया। मौका था बिहार पुलिस के मुजफ्फरपुर और मोतिहारी जिला पुलिस बल के 152 प्रशिक्षु जवानों के दीक्षांत परेड समारोह का, जो अत्यंत गरिमामय और भव्य वातावरण में संपन्न हुआ। 36 सप्ताह के बेहद कठिन और व्यावसायिक प्रशिक्षण को सफलतापूर्वक पूरा करने के बाद इन नए जवानों ने राष्ट्रसेवा की सामूहिक शपथ ली। समारोह के दौरान प्रशिक्षुओं के शानदार टर्नआउट, उच्च कोटि के अनुशासन और कदमताल ने वहां मौजूद मुख्य अतिथियों और दर्शकों को पूरी तरह मंत्रमुग्ध कर दिया।
आईजी निशित कुमार उज्ज्वल ने ली परेड की सलामी, निष्पक्षता का दिया संदेश
इस गौरवमयी समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में पटना सीमांत मुख्यालय (सशस्त्र सीमा बल) के महानिरीक्षक (IG) निशित कुमार उज्ज्वल (IPS) मौजूद रहे। उन्होंने भव्य दीक्षांत परेड की सलामी ली और खुले वाहन में सवार होकर जांबाज प्रशिक्षुओं द्वारा प्रस्तुत की गई उत्कृष्ट कदमताल टुकड़ियों का बारीकी से निरीक्षण किया। अपने संबोधन में आईजी ने जवानों का हौसला बढ़ाते हुए कहा कि पुलिस बल की सबसे बड़ी पूंजी और पहचान उसका अनुशासन, ईमानदारी तथा कर्तव्यनिष्ठा होती है। उन्होंने सभी नवनियुक्त जवानों को बिना किसी भेदभाव के निष्पक्षता एवं पूर्ण समर्पण के साथ समाज और राष्ट्र की सेवा करने का मूलमंत्र दिया।
44वीं वाहिनी के कमांडेंट और उप महानिरीक्षक ने किया अतिथियों का भव्य स्वागत
कार्यक्रम की शुरुआत में मुख्य अतिथि का स्वागत उप महानिरीक्षक हरिप्रकाश एवं 44वीं वाहिनी के कमांडेंट बलवंत सिंह नेगी द्वारा गुलदस्ता और स्मृति चिह्न भेंट कर किया गया। इस ऐतिहासिक पल के गवाह बनने के लिए सिकटा के विधायक समृद्ध वर्मा, बेतिया पुलिस अधीक्षक (SP) डॉ. शौर्य सुमन सहित पुलिस और प्रशासनिक महकमे के कई वरीय अधिकारी एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि विशेष रूप से मौजूद रहे। एसएसबी के द्वितीय कमान अधिकारी गोविंद कुमार ठाकुर, डिप्टी कमांडेंट ज्ञानेंद्र कुमार, डिप्टी कमांडेंट सचिन शर्मा और बिहार पुलिस के मुख्य प्रशिक्षकों ने भी इस दीक्षांत समारोह के सफल आयोजन में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
कड़े शारीरिक और सामरिक प्रशिक्षण को पार कर बिहार पुलिस को मिले नए रक्षक
बिहार पुलिस को मिले इन 152 नए जवानों को पिछले 36 हफ्तों के दौरान अत्यंत कड़े और आधुनिक मापदंडों पर प्रशिक्षित किया गया है। इस व्यावसायिक ट्रेनिंग के तहत जवानों को उच्च स्तरीय शारीरिक दक्षता, आधुनिक हथियारों के संचालन, कानून व्यवस्था (लॉ एंड ऑर्डर), उग्र भीड़ नियंत्रण, क्षेत्रीय युद्धकला, आंतरिक सुरक्षा के खतरों और सामरिक गतिविधियों का गहन एवं व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया है। इस कठिन पाठ्यक्रम को सफलतापूर्वक उत्तीर्ण करने के बाद अब ये सभी जवान राज्य की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था को बनाए रखने के लिए बिहार पुलिस के विभिन्न विंग्स में अपनी अदम्य सेवाएं देने के लिए पूरी तरह से तैयार हैं।
उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रशिक्षु किए गए सम्मानित, अभिभावकों की आंखें हुईं नम
दीक्षांत समारोह के दूसरे चरण में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले प्रशिक्षु जवानों को मुख्य अतिथि द्वारा मेडल और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इसके बाद जवानों द्वारा प्रस्तुत सामूहिक व्यायाम (पीटी), आंखों पर पट्टी बांधकर तेजी से हथियार खोलने व जोड़ने के प्रदर्शन, पारंपरिक लाठी प्रदर्शन, सटीक रायफल निशानेबाजी और एसएसबी के वाद्य दल (बैंड) की धुनों ने समां बांध दिया। वहीं, श्वान दस्ते (डॉग स्क्वायड) के आकर्षक और हैरतअंगेज जासूसी करतबों ने समारोह की भव्यता में चार चांद लगा दिए। अपने बच्चों को देश की रक्षा के लिए वर्दी में सजे देख दीक्षांत समारोह में आए बड़ी संख्या में जवानों के अभिभावकों की आंखें गर्व से नम हो गईं।