Bihar News : पारिवारिक विवाद में हैवान बना पिता, पत्नी और तीन मासूम बच्चों को नहर में फेंका, तीनों बच्चों की हुई मौत, आरोपी को पुलिस ने किया गिरफ्तार

Bihar News : बेतिया में पारिवारिक कलह में एक पिता ने इंसानियत की सारी हदें पार कर दीं। एक कलयुगी पिता ने अपनी पत्नी और तीन मासूम बच्चों को नहर में फेंक दिया........पढ़िए आगे

Bihar News : पारिवारिक विवाद में हैवान बना पिता, पत्नी और ती
बच्चों को नाहर में फेंका - फोटो : ASHISH

BETTIAH : जिले के कुमारबाग थाना क्षेत्र अंतर्गत लोहियरिया पंचायत के वार्ड संख्या 04 स्थित भंगहा गांव में मंगलवार को दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। पारिवारिक विवाद में एक पिता ने हैवानियत की सारी हदें पार करते हुए अपनी पत्नी और तीन मासूम बच्चों को नहर में फेंक दिया। हादसे में तीनों बच्चों की पानी में डूबने से मौत हो गई, जबकि पत्नी किसी तरह अपनी जान बचाने में सफल रही। 

मृत बच्चों की उम्र करीब छह वर्ष, चार वर्ष और पांच माह बताई जा रही है। तीनों भंगहा निवासी रामबाबू यादव के बच्चे थे। घटना लोहियरिया और बरोहिया गांव के बीच तिरहुत नहर की सुगौली शाखा के पास की बताई जा रही है। मिली जानकारी के अनुसार रामबाबू यादव और उसकी पत्नी ललिता देवी के बीच पिछले कुछ दिनों से अनबन चल रही थी। मंगलवार की सुबह भी दोनों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई। इसके बाद रामबाबू ने पत्नी को मायके छोड़ने की बात कही और पत्नी सहित तीनों बच्चों को बाइक पर बैठाकर घर से निकला।

आरोप है कि लोहियरिया चौक के समीप नहर के पास पहुंचने पर उसने पहले पत्नी ललिता देवी को नहर में धक्का दे दिया। इसके बाद एक-एक कर तीनों मासूम बच्चों को भी नहर में फेंक दिया। ललिता देवी किसी तरह पानी से बाहर निकलने में सफल रही। बाद में उसने अपने मायके मझौलिया थाना क्षेत्र के बिरवा गांव पहुंचकर परिजनों को घटना की जानकारी दी। घटना की सूचना मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई। 12 बजे ग्रामीणों ने छह वर्षीय बच्ची का शव नहर से बाहर निकाला। इसके बाद दोपहर करीब तीन बजे चार वर्षीय बच्चे का शव मिला। शाम करीब चार बजे पुलिस की मौजूदगी में पांच माह की मासूम बच्ची का शव भी ग्रामीणों ने नहर से बरामद किया।

ललिता देवी के भाई सुदामा यादव ने बताया कि करीब 10 वर्ष पूर्व उसकी बहन की शादी रामबाबू यादव से धूमधाम से हुई थी। इधर घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जीएमसीएच भेज दिया। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। सदर एसडीपीओ अजीत कुमार ने बताया कि आरोपित पिता को गिरफ्तार कर लिया गया है। प्राथमिकी दर्ज करने के बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया जाएगा।

बेतिया से आशीष की रिपोर्ट