Bihar News:प.चम्पारण में तेंदुए का तांडव, तीन लोगों पर जानलेवा हमला, गांव में दहशत

Bihar News: वाल्मीकि टाइगर रिजर्व के मदनपुर वन क्षेत्र से निकलकर एक तेंदुआ रिहायशी इलाके में घुस आया और तीन लोगों पर हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया।...

Leopard Attack in West Champaran Injures Three Panic Grips V
तेंदुए का तांडव- फोटो : reporter

Bihar News: पश्चिम चम्पारण के बगहा अनुमंडल अंतर्गत पिपरासी क्षेत्र में तेंदुए के हमले से इलाके में दहशत फैल गई है। वाल्मीकि टाइगर रिजर्व के मदनपुर वन क्षेत्र से निकलकर एक तेंदुआ रिहायशी इलाके में घुस आया और तीन लोगों पर हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में भय और अफरा-तफरी का माहौल है, जबकि लोग घरों से बाहर निकलने में भी सतर्कता बरत रहे हैं।

जानकारी के अनुसार, पिपरासी पंचायत के मनिया छापर निवासी 25 वर्षीय रवीना खातून खेत से काम कर घर लौट रही थीं, तभी तेंदुए ने उन पर अचानक हमला कर दिया। इस हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें पिपरासी स्वास्थ्य केंद्र से बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया।

इसी दौरान भीलोरवा टोला निवासी 56 वर्षीय धानमति देवी भी तेंदुए के हमले में घायल हो गईं। उन्हें इलाज के लिए ले जाया जा रहा था, तभी 35 वर्षीय मनोज शर्मा पर भी तेंदुए ने हमला कर दिया, जिससे वह भी जख्मी हो गए।

घटना के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश और भय का माहौल है। लोग लगातार वन विभाग से तेंदुए को पकड़ने की मांग कर रहे हैं। स्थानीय मुखिया प्रतिनिधि सह राजद नेता एवं पूर्व विधानसभा प्रत्याशी मुकेश कुशवाहा ने वन विभाग से तेंदुए को जल्द पकड़कर सुरक्षित जंगल में छोड़ने और घायलों को उचित मुआवजा देने की मांग की है।

उधर, बगहा रेंजर मालाकार ने बताया कि सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम को मौके पर भेजा जा रहा है। टीम तेंदुए के पगमार्ग का निरीक्षण कर उसे पकड़ने की कार्रवाई में जुटेगी।

रिपोर्ट- आशीष कुमार