'रुपये दिए और बोले- अब तो काम हो जाएगा!' अंचल कार्यालय में बड़ा बाबू का घूस लेते वीडियो वायरल, मची खलबली

मझौलिया अंचल कार्यालय में जमीन संबंधी काम के बदले कथित रूप से 10 हजार रुपये नजराना लेने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में दिख रहे व्यक्ति को बड़ा बाबू बताया जा रहा है। मामले के सामने आने के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश है

Majhaulia Anchal Office Bribe Video
अंचल कार्यालय में बड़ा बाबू का घूस लेते वीडियो वायरल, मची खलबली - फोटो : Reporter

बिहार के पश्चिम चंपारण जिले के मझौलिया अंचल कार्यालय से जुड़ा एक बेहद हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां का एक वीडियो शुक्रवार को सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस वायरल वीडियो में एक व्यक्ति अंचल कार्यालय के भीतर एक अधिकारी को कथित तौर पर 10 हजार रुपये थमाते हुए दिखाई दे रहा है। रुपये देने के बाद वह व्यक्ति निश्चिंत होकर यह कहता सुनाई दे रहा है कि अब उसका काम आसानी से हो जाएगा। हालांकि, मीडिया इस वायरल वीडियो की सत्यता की पुष्टि नहीं करता है।


स्थानीय स्तर पर दावा किया जा रहा है कि वीडियो में पैसे लेते दिख रहे व्यक्ति अंचल कार्यालय के बड़ा बाबू रवि रंजन कुमार श्रीवास्तव हैं। आरोप है कि जमीन से जुड़े किसी कार्य को पूरा कराने के एवज में यह रकम बतौर नजराना (रिश्वत) ली गई है। वीडियो सार्वजनिक होने के बाद अंचल कार्यालय से लेकर पूरे प्रखंड क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। हालांकि, यह वीडियो किस तारीख का है और इसके पीछे की असली वजह क्या है, यह अभी पूरी तरह स्पष्ट नहीं हो पाया है।


इस वायरल वीडियो के सामने आने के बाद स्थानीय लोगों में गहरा आक्रोश व्याप्त है। ग्रामीणों और स्थानीय नागरिकों का कहना है कि अगर इस वीडियो में सच्चाई है, तो यह प्रशासनिक भ्रष्टाचार का गंभीर मामला है। लोगों ने जिला प्रशासन से इस पूरे प्रकरण की त्वरित और निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है, ताकि सच सबके सामने आ सके और दोषी पाए जाने वाले कर्मचारी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जा सके।


अंचल कार्यालय में खुलेआम पैसे लेने का यह वीडियो फिलहाल पूरे प्रखंड क्षेत्र में चर्चा और बहस का मुख्य विषय बना हुआ है। सरकारी दफ्तरों में काम के बदले पैसे लेने की इस घटना से प्रशासनिक साख पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। अब देखना यह होगा कि मामला तूल पकड़ने के बाद वरिष्ठ अधिकारी इस पर क्या संज्ञान लेते हैं और जांच के बाद क्या सच्चाई निकलकर सामने आती है।

पश्चिम चंपारण से आशीष कुमार की रिपोर्ट