बेतिया पुलिस की बड़ी कार्रवाई : 24 घंटे के भीतर अपहृत नाबालिग लड़की को किया बरामद, आरोपी गिरफ्तार

पश्चिम चंपारण जिले के नगर थाना पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए महज 24 घंटे के भीतर एक नाबालिग लड़की के अपहरण मामले का भंडाफोड़ कर लड़की को सकुशल बरामद कर लिया है। वहीं आरोप को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है...

बेतिया पुलिस की बड़ी कार्रवाई : 24 घंटे के भीतर अपहृत नाबालि
बेतिया पुलिस की बड़ी कार्रवाई, अपहृत नाबालिग लड़की को किया बरामद- फोटो : आशीष

Bettiah : पश्चिम चंपारण जिले की बेतिया नगर थाना पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए महज 24 घंटे के भीतर एक नाबालिग लड़की के अपहरण मामले का सफल पटाक्षेप कर दिया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए न केवल अपहृत नाबालिग को सुरक्षित बरामद कर लिया, बल्कि वारदात को अंजाम देने वाले मुख्य आरोपी को भी दबोच लिया है। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से पीड़ित परिवार ने राहत की सांस ली है, वहीं पुलिस इस मामले में सख्त कानूनी धाराओं के तहत आगे की कार्रवाई में जुट गई है।


एसपी के निर्देश पर बनी विशेष टीम

मामले की विस्तृत जानकारी देते हुए बेतिया सदर एसडीपीओ अजीत कुमार ने बताया कि गुरुवार को बेतिया नगर थाना क्षेत्र से एक नाबालिग लड़की के अचानक लापता और अपहरण होने की शिकायत दर्ज कराई गई थी। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए बेतिया पुलिस अधीक्षक (SP) के विशेष दिशा-निर्देश पर तुरंत एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया। पुलिस टीम ने तकनीकी अनुसंधान और मानवीय खुफिया तंत्र के सहारे छापेमारी शुरू की, जिसके बाद पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी।


क्रिश्चियन क्वार्टर से दबोचा गया आरोपी

गठित विशेष पुलिस टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर नगर थाना क्षेत्र के ही क्रिश्चियन क्वार्टर इलाके में घेराबंदी कर छापेमारी की। इस दौरान पुलिस ने मौके से मुख्य आरोपी जॉनी जॉर्ज को धर-दबोचा और उसके कब्जे से अपहृत नाबालिग लड़की को सकुशल मुक्त करा लिया। पुलिस ने घटनास्थल से वारदात के दौरान इस्तेमाल किए गए बेडशीट और कुछ अन्य आपत्तिजनक सामान भी साक्ष्य (एविडेंस) के तौर पर जब्त कर लिए हैं, जो कोर्ट में आरोपी के खिलाफ अहम सबूत साबित होंगे।


नाबालिग ने सुनाई जबरदस्ती संबंध बनाने की आपबीती

एसडीपीओ अजीत कुमार ने बताया कि बरामदगी के बाद जब महिला पुलिस अधिकारियों की उपस्थिति में नाबालिग लड़की से पूछताछ की गई, तो उसने अपने बयान में पुलिस को पूरी आपबीती सुनाई। पीड़िता ने बताया कि अपहरण करने के बाद आरोपी जॉनी जॉर्ज ने उसके साथ जबरदस्ती शारीरिक संबंध स्थापित किए थे। पीड़िता के इस गंभीर बयान के बाद पुलिस ने दर्ज प्राथमिकी में पॉक्सो (POCSO) एक्ट और दुष्कर्म की सुसंगत कड़े कानून की धाराएं जोड़ दी हैं, ताकि आरोपी को कड़ी से कड़ी सजा मिल सके।


मेडिकल जांच के लिए जीएमसीएच भेजी गई पीड़िता

पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार किए गए आरोपी जॉनी जॉर्ज को कड़े पुलिस पहरे के बीच स्थानीय अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। वहीं, दूसरी ओर पीड़ित नाबालिग लड़की को उचित चिकित्सीय परीक्षण और मेडिकल जांच के लिए बेतिया गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (GMCH) भेजा गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि न्यायालय में पीड़िता का धारा १६४ के तहत बयान दर्ज कराने के बाद मामले में स्पीडी ट्रायल चलाकर आरोपी को जेल की सलाखों के पीछे रखने का पूरा प्रयास किया जाएगा।


आशीष कुमार की रिपोर्ट