Bihar News: कोर्ट परिसर में लगी भीषण आग, दो दुकान जलकर राख, सिलेंडर ब्लास्ट की आशंका
Bihar News: बगहा सिविल कोर्ट परिसर में अचानक भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और दो दुकानें जलकर राख हो गईं, जबकि गैस सिलिंडर ब्लास्ट की आशंका से इलाके में दहशत फैल गई।
Bihar News: बिहार के बगहा से बड़ी खबर सामने आ रही है। बगहा के पटखौली थाना क्षेत्र स्थित सिविल कोर्ट परिसर में अचानक भीषण आग लग गई। आग लगने से कोर्ट परिसर में अफरा-तफरी मच गई। कोर्ट कैंपस में मौजूद दुकानों में लगी आग ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया, जिसकी चपेट में आकर दो दुकानें पूरी तरह जलकर राख हो गईं।
सिलेंडर ब्लास्ट की आशंका
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग के दौरान गैस सिलेंडर ब्लास्ट होने की आशंका जताई जा रही है, जिससे लपटें तेजी से फैल गईं। हालांकि आग लगने के वास्तविक कारणों का अब तक स्पष्ट पता नहीं चल सका है। घटना के बाद मौके पर सनसनी फैल गई। दूर- दूर तक आग की लपटें दिखाई दे रही थी।
कड़ी मशक्कत के बाद पाया काबू
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। फिलहाल प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुटा है और नुकसान का आकलन किया जा रहा है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
बगहा से धीरज की रिपोर्ट