Nitish Setu: मोदी के साथ मंच पर क्यों नहीं दिखे नीतीश कुमार? 2 केंद्रीय मंत्री, 2 बिहार के मंत्रियों और JDU प्रदेश अध्यक्ष ने ये बताई वजह

Nitish Setu: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बिहार दौरे और नीतीश सेतु के उद्घाटन समारोह के दौरान एक सवाल ने सियासी गलियारों में खूब चर्चा बटोरी। ...

Nitish Setu:  मोदी के साथ मंच पर क्यों नहीं दिखे नीतीश कुमार
मोदी के साथ मंच पर क्यों नहीं दिखे नीतीश कुमार? - फोटो : reporter

Nitish Setu: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बिहार दौरे और नीतीश सेतु के उद्घाटन समारोह के दौरान एक सवाल ने सियासी गलियारों में खूब चर्चा बटोरी। आखिर मुख्यमंत्री रहे और जेडीयू के सबसे बड़े नेता नीतीश कुमार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ मंच पर क्यों नजर नहीं आए? इस सवाल पर दो केंद्रीय मंत्रियों, बिहार सरकार के दो मंत्रियों और जेडीयू के प्रदेश अध्यक्ष ने अपनी-अपनी दलील रखी। किसी ने प्रोटोकॉल का हवाला दिया, तो किसी ने इसे नीतीश कुमार के नाम पर बने पुल से जोड़कर देखा। वहीं, कुछ नेताओं ने सवाल का सीधा जवाब देने से भी परहेज किया।

सबसे पहले केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह से पूछा गया कि क्या नीतीश कुमार प्रधानमंत्री मोदी के साथ मंच साझा करेंगे? इस पर उन्होंने कहा कि कार्यक्रम की व्यवस्था करने वाले लोग ही इस बारे में बता पाएंगे। यानी गिरिराज सिंह ने सीधे जवाब देने के बजाय जिम्मेदारी आयोजनकर्ताओं पर डाल दी। हालांकि, नीतीश सेतु के उद्घाटन और तेजस्वी यादव के आरोपों पर उन्होंने लालू परिवार और राजद नेता पर जमकर निशाना साधा।

दूसरे केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने कहा कि नीतीश सेतु नाम रखा जाना बेहद अच्छी बात है। नीतीश कुमार मंच पर क्यों नहीं पहुंचे, इस सवाल पर उन्होंने कहा कि किसी कारणवश वह नहीं आए होंगे। हालांकि, उनके नाम पर पुल का नामकरण होना अच्छी बात है।

बिहार सरकार के मंत्री विजय कुमार सिंह ने इस पूरे मामले में प्रोटोकॉल का हवाला दिया। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार पूर्व मुख्यमंत्री हैं और प्रोटोकॉल के मुताबिक उनके बेटे निशांत कुमार को मंच पर सम्मान दिया गया।

वहीं, मंत्री दिलीप जायसवाल ने कहा कि नीतीश कुमार हम सबके अभिभावक और विरासत हैं। पुल का नाम उन्हीं के नाम पर रखा गया है, इसलिए उनका वहां मौजूद रहना उचित नहीं था। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि यदि उनके नाम पर किसी चीज का उद्घाटन होता तो वह भी वहां मौजूद नहीं रहते।

आखिर में जेडीयू प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा ने स्पष्ट किया कि नीतीश कुमार ने पटना एयरपोर्ट पर प्रधानमंत्री का स्वागत किया था। मंच पर पार्टी के मौजूदा नेता निशांत कुमार ने जगह साझा की। इस तरह पांच नेताओं के पांच अलग-अलग बयानों ने नीतीश कुमार की गैरमौजूदगी को बिहार की राजनीति में नई चर्चा का विषय बना दिया।

रिपोर्ट-ऋषभ कुमार