Bihar News:खाना बनाने की चूक से जल उठा आशियाना, महादलित बस्ती में भीषण आग का तांडव, 14 परिवारों का सब कुछ खाक

Bihar News:भीषण आग ने ऐसा तांडव मचाया कि देखते ही देखते 14 परिवारों के आशियाने जलकर राख हो गए।...

massive fire in the Mahadalit colony
महादलित बस्ती में भीषण आग का तांडव- फोटो : reporter

Bihar News: पश्चिम चंपारण के बगहा से एक बेहद खौफनाक और दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। बगहा-1 प्रखंड अंतर्गत बसवरिया पंचायत के बहुअरवा वार्ड संख्या-1 में स्थित महादलित बस्ती में सुबह-सुबह लगी भीषण आग ने ऐसा तांडव मचाया कि देखते ही देखते 14 परिवारों के आशियाने जलकर राख हो गए। इस हादसे ने न केवल लोगों के सिर से छत छीन ली, बल्कि उनकी जमा-पूंजी और रोजमर्रा की जरूरत का हर सामान खाक कर दिया।

घटना के बारे में बताया जा रहा है कि यह हादसा उस समय हुआ जब बस्ती में खाना बनाने की प्रक्रिया चल रही थी। आग की एक चिंगारी देखते ही देखते बेकाबू हो गई और उसने विकराल रूप धारण कर लिया। बस्ती के कच्चे घरों में आग तेजी से फैलती चली गई। कुछ ही पलों में पूरा इलाका आग की लपटों से घिर गया और चारों तरफ अफरा-तफरी मच गई। आग की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि देखते ही देखते 14 घर जलकर पूरी तरह स्वाहा हो गए।

आग की तेज लपटों को देख स्थानीय लोगों ने तुरंत चौतरवा थाना को सूचना दी। थानाध्यक्ष शुभम कुमार ने इस सूचना पर फौरन तत्परता दिखाई और बिना वक्त गंवाए अग्निशमन दल को मौके पर रवाना किया। खुद थानाध्यक्ष भी घटनास्थल पर पहुंचे और स्थानीय ग्रामीणों के साथ मिलकर आग पर काबू पाने की कोशिश शुरू की। भारी मशक्कत के बाद आग पर तो काबू पा लिया गया, लेकिन तब तक पीड़ितों का सब कुछ जलकर राख हो चुका था।

पंचायत के मुखिया रौशन कुमार तिवारी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि इस दर्दनाक हादसे में नंदू मुसहर, प्रभावती देवी, अनिरुद्ध मुसहर, नारायण मुसहर सहित कुल 14 परिवारों के घर तबाह हो गए हैं। आगलगी में अनाज, कपड़े और अन्य जरूरी सामानों के जलने से लाखों की संपत्ति के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है।

प्रशासनिक टीम ने राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया है। पीड़ित परिवार अब खुले आसमान के नीचे आ गए हैं और उन्हें प्रशासन से तत्काल मदद की सख्त जरूरत है। इस भीषण हादसे के बाद पूरे इलाके में मातम और गम का माहौल है।

रिपोर्ट- आशीष कुमार