Bihar Crime News : बेतिया में व्यवसायी के घर धावा बोल बदमाशों ने की लूटपाट, बम फोड़ते हुए नेपाल की ओर हुए फरार
Bihar Crime News : बेतिया में व्यवसायी के घर पर धावा बोलकर बदमाशों ने लूटपाट की घटना को अंजाम दिया है. दहशत फैलाने के उद्देश्य से उन्होंने बमबाजी भी की है.....पढ़िए आगे
BETTIAH : भारत-नेपाल सीमा से सटे कन्हौली थाना क्षेत्र के छोटी भासर गांव में बीती रात हथियारबंद अपराधियों ने जमकर तांडव मचाया। यहाँ के स्थानीय व्यवसायी रमाशंकर गुप्ता के घर और दुकान पर एक दर्जन से अधिक नकाबपोश बदमाशों ने धावा बोल दिया। अपराधियों ने पूरे परिवार को हथियार के बल पर बंधक बना लिया और लूटपाट की घटना को अंजाम दिया।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, अपराधी पूरी योजना के साथ आए थे और व्यवसायी के घर के पीछे स्थित खेत में पहले से ही घात लगाकर बैठे थे। जैसे ही गृहस्वामी के पुत्र शत्रुध्न कुमार रात में घर का मुख्य ग्रिल बंद करने पहुंचे, घात लगाए अपराधियों ने उन्हें धक्का दिया और जबरन घर के अंदर दाखिल हो गए। अपराधियों की संख्या और उनके पास मौजूद हथियारों को देख परिवार के सदस्य सहम गए।
लूटपाट के दौरान जब घर के सदस्यों ने शोर मचाना शुरू किया, तो आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण वहां जुटने लगे। ग्रामीणों को अपनी ओर आता देख और पकड़े जाने के डर से बदमाशों ने दहशत फैलाने के लिए बम धमाके करना शुरू कर दिया। बमबाजी की आड़ में अपराधी पास की नदी के रास्ते नेपाल सीमा की तरफ भाग निकले।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया। सदर डीएसपी-2 आशीष आनंद कन्हौली थाना के पुलिस पदाधिकारियों के साथ तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने पीड़ित परिवार से घटना की पूरी जानकारी ली और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। डकैती की इस बड़ी वारदात के बाद सीमावर्ती इलाकों में सुरक्षा और गश्ती को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
फिलहाल, पुलिस अपराधियों की पहचान करने के लिए घर और आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी (CCTV) फुटेज को खंगाल रही है। डीएसपी ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी गई है। सीमावर्ती क्षेत्र होने के कारण नेपाली पुलिस से भी संपर्क साधने की कोशिश की जा रही है।
आशीष की रिपोर्ट