Bihar News : बेतिया में आयोजित सहयोग शिविर में पहुंचे ‘मुखियाजी’, निजी जमीन पर अतिक्रमण हटाने की लगाई गुहार, अग्निपीड़ित ने रिश्वत मांगने का लगाया आरोप

Bihar News : पंचायत के लोगों की समस्या सुलझानेवाले मुखियाजी सहयोग शिविर में पहुंचे. जहाँ उन्होंने खुद की जमीन पर से अतिक्रमण हटाने की गुहार प्रशासन से लगाया......पढ़िए आगे

Bihar News : बेतिया में आयोजित सहयोग शिविर में पहुंचे ‘मुखिय
मुखियाजी की गुहार - फोटो : ASHISH

BETTIAH : राज्य सरकार के दिशा-निर्देशों के आलोक में मंगलवार को ग्राम पंचायतों में 'सहयोग शिविर' का आयोजन किया गया, जिसका मुख्य उद्देश्य ग्रामीण स्तर पर ही आम जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान करना है। इसी कड़ी में बैकुंठवा पंचायत के राजकीय मध्य विद्यालय जयनगर में एक शिविर लगाया गया। इस शिविर में स्थानीय विधायक नारायण प्रसाद, बीडीओ शैलेंद्र कुमार सिंह, सीओ अलका कुमारी, प्रमुख कृष्ण देव चौधरी सहित प्रखंड और अंचल के कई आला अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे। प्रभारी सचिव अभय कुमार सिंह ने शिविर के महत्व पर प्रकाश डालते हुए आम जनता से इसमें बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की। कार्यक्रम में डीआईजी हरकिशोर राय और डीडीसी विकास वैभव काजले ने भी शिरकत की और अपने विचार व्यक्त किए।

अंचल कर्मी पर लगा रिश्वत मांगने का गंभीर आरोप

शिविर में उस समय हड़कंप मच गया जब पंचायत के एक अग्नि पीड़ित अर्जुन सहनी ने अधिकारियों के सामने लिखित शिकायत दर्ज कराई। पीड़ित का आरोप है कि अंचल नाजीर सह प्रधान सहायक मनोज कुमार द्वारा सरकारी मुआवजा राशि का लाभ दिलाने के नाम पर प्रति पीड़ित व्यक्ति से दो-दो हजार रुपये की रिश्वत मांगी जा रही है। इस गंभीर शिकायत को सुनते ही अधिकारियों ने मामले को संज्ञान में लिया। बीडीओ शैलेंद्र कुमार सिंह ने जनता को भरोसा दिलाते हुए कहा कि शिविर में आई सभी समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर पारदर्शी तरीके से किया जाएगा और दोषियों पर कार्रवाई होगी।

महिलाओं ने उठाया गली-नाली का मुद्दा, मुखिया ने की अतिक्रमण की शिकायत

सहयोग शिविर में अलग-अलग जन समस्याओं के त्वरित निराकरण के लिए कई काउंटर बनाए गए थे। शिविर में जहां एक तरफ स्थानीय महिलाओं ने पंचायत में अब तक गली-नाली का निर्माण नहीं होने को लेकर अधिकारियों के सामने कड़ा सवाल खड़ा किया, वहीं दूसरी तरफ बैकुंठवा पंचायत के मुखिया अफरोज नैयर ने अपनी निजी जमीन से अवैध अतिक्रमण हटाने के लिए अंचल अधिकारी अलका कुमारी को एक लिखित आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई।

खड्डा पंचायत में भी हुआ सहयोग शिविर का आयोजन

बैकुंठवा के अलावा खड्डा पंचायत के पंचायत सरकार भवन में भी मुखिया रीता देवी की देखरेख में सहयोग शिविर का सफल आयोजन किया गया। इस शिविर में पहुंचे प्रभारी सचिव अभय कुमार सिंह ने आम जनता की समस्याओं को बेहद करीब से सुना और उनसे सीधे रूबरू हुए। इसके बाद प्रभारी सचिव ने स्थानीय विधायक और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ मिलकर शिविर में लगाए गए सभी विभागों के स्टालों का गहन निरीक्षण किया और कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

अधिकारियों ने दिया त्वरित निष्पादन का भरोसा

प्रशासनिक अधिकारियों ने बताया कि इन शिविरों का मुख्य उद्देश्य सरकार की कल्याणकारी योजनाओं को धरातल पर उतारना और जनता की शिकायतों का मौके पर ही निपटारा करना है। प्रखंड विकास पदाधिकारी ने कहा कि जितने भी आवेदन प्राप्त हुए हैं, उन सभी को संबंधित विभागों को सौंपकर समय सीमा के भीतर उनका निष्पादन सुनिश्चित कराया जाएगा, ताकि ग्रामीणों को दफ्तरों के चक्कर न काटने पड़ें।

आशीष की रिपोर्ट