Bihar Flood: बाढ़ आई, मलबा बहा और टूट गया संपर्क... सैलाब में समा गए बिहार के 3 मजदूर? परिवार बेहाल

Bihar Flood: नेपाल के रसुआ जिले में आई भीषण बाढ़ और मलबे के सैलाब ने पश्चिम चंपारण के चनपटिया के तीन परिवारों की खुशियां छीन ली हैं। ...

Nepal Flood 3 Champaran Workers Missing Families Await Hope
घरों में मातम, अपनों की वापसी का इंतजार- फोटो : reporter

Bihar Flood: नेपाल के रसुआ जिले में आई भीषण बाढ़ और मलबे के सैलाब ने पश्चिम चंपारण के चनपटिया के तीन परिवारों की खुशियां छीन ली हैं। तुरहापट्टी वार्ड-1 निवासी समीर अंसारी, मोख्तार मियां और अरमान आलम नेपाल में बढ़ई का काम करने गए थे। आपदा के बाद से तीनों मजदूर लापता हैं। परिजनों की आंखें अपनों की राह तक रही हैं और हर गुजरते पल के साथ बेचैनी बढ़ती जा रही है।

बताया गया कि हादसे के वक्त तीनों मजदूर गणेश होटल में फर्नीचर और टाइल्स लगाने का काम कर रहे थे। अचानक धुएं जैसा कुछ दिखाई दिया और देखते ही देखते पानी व मलबे का तेज बहाव वहां पहुंच गया। जान बचाने के लिए भगदड़ मच गई। इसी दौरान तीनों मजदूरों का अपने साथियों से संपर्क टूट गया और उसके बाद उनका कोई सुराग नहीं मिला।

हादसे से बचकर चार मजदूर किसी तरह चनपटिया लौट आए। इनमें नेयाज आलम भी शामिल हैं, जो उसी समूह के साथ काम करते थे। घटना के वक्त वह दूसरे साइट पर चले गए थे और यही फैसला उनके लिए जिंदगी बचाने वाला साबित हुआ। नेपाल लौटकर साथियों की तलाश करने पर तीनों गायब मिले।

अरमान आलम की पत्नी शहरून खातून और चार बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। उनका बेटा सलमान सुरक्षित लौट आया, लेकिन पिता का अब तक कोई पता नहीं है। मोख्तार के दो बेटे और एक बेटी हैं, जबकि समीर पांच भाइयों में सबसे छोटे और अविवाहित हैं। तीनों घरों में मातम और मायूसी पसरी है।वहीं केंद्रीय कोयला एवं खनन राज्य मंत्री सतीश चंद्र दुबे ने हादसे पर गहरा दुख जताया है। उन्होंने कहा कि भारत सरकार नेपाल सरकार के साथ-साथ प्रभावित भारतीय नागरिकों और उनके परिवारों के साथ मजबूती से खड़ी है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि लापता लोगों की जानकारी जुटाने, भारतीय नागरिकों की सुरक्षा और जरूरतमंदों को निकालने के लिए संबंधित स्तर पर लगातार समन्वय किया जा रहा है।मंत्री ने कहा कि प्रभावित परिवारों को नियमानुसार हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी और आपदा की इस घड़ी में किसी परिवार को अकेला नहीं छोड़ा जाएगा।

रिपोर्ट- आशीष कुमार