Bihar News:नवजात की मौत पर बवाल, नर्सों पर रिश्वत मांगने का आरोप, अस्पताल में दो घंटे तक हंगामा

Bihar News: पश्चिम चंपारण के नरकटियागंज अनुमंडलीय अस्पताल में नवजात की मौत के बाद जमकर हंगामा हुआ।

Newborn Dies Bribery Allegation Sparks Hospital Uproar
नवजात की मौत पर बवाल- फोटो : reporter

Bihar News: पश्चिम चंपारण के नरकटियागंज अनुमंडलीय अस्पताल में नवजात की मौत के बाद जमकर हंगामा हुआ। परिजनों ने अस्पताल प्रशासन और नर्सिंग स्टाफ पर लापरवाही तथा अवैध वसूली का संगीन इल्जाम लगाते हुए करीब दो घंटे तक विरोध-प्रदर्शन किया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को काबू में लिया।

जानकारी के अनुसार, शिकारपुर थाना क्षेत्र के खिरिया मठिया वार्ड-1 निवासी प्रहलाद साह की पत्नी सीमा देवी को प्रसव पीड़ा होने पर अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया था। प्रसव के दौरान नवजात की मौत हो गई। इसके बाद परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा और अस्पताल परिसर में हंगामा शुरू हो गया।

मृत नवजात के पिता प्रहलाद साह ने आरोप लगाया कि अस्पताल में कार्यरत जीएनएम अर्चना कुमारी, खुशबू कुमारी और संगीता कुमारी ने प्रसव के दौरान रुपये की मांग की। उनका कहना है कि नाल काटने के नाम पर एक हजार रुपये मांगे गए थे। आरोप है कि उन्होंने 500 रुपये भी दिए, लेकिन समय पर नाल नहीं काटी गई, जिसकी वजह से नवजात की मौत हो गई।

परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि घटना के समय अस्पताल में चिकित्सक ड्यूटी पर मौजूद नहीं थे और नर्सिंग स्टाफ मरीजों से अवैध वसूली में लगा था। इन आरोपों के बाद अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

हंगामे की सूचना मिलने पर डायल-112 की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। अस्पताल प्रबंधक विपिन राज ने भी परिजनों से बातचीत कर मामले की निष्पक्ष जांच कराने का भरोसा दिया। उन्होंने कहा कि यदि जांच में कोई भी स्वास्थ्यकर्मी दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल अस्पताल प्रशासन ने पूरे मामले की जांच शुरू करने की बात कही है। वहीं, परिजन दोषियों पर कड़ी कार्रवाई और न्याय की मांग कर रहे हैं। अब सभी की निगाहें जांच रिपोर्ट पर टिकी हैं, जिससे यह साफ हो सकेगा कि नवजात की मौत लापरवाही का नतीजा थी या नहीं।

रिपोर्ट- आशीष कुमार