Bihar News : राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस पर SSB की पहल, नरकटियागंज में रक्तदान शिविर का किया आयोजन, 30 जवानों व अधिकारियों ने किया महादान

Bihar News : राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस के अवसर पर 44वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल नरकटियागंज मुख्यालय में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया.......पढ़िए आगे

Bihar News : राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस पर SSB की पहल, नरकटियाग
रक्तदान शिविर का आयोजन - फोटो : SOCIAL MEDIA

Bettiah : राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस के विशेष अवसर पर 44 वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल नरकटियागंज मुख्यालय में एक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर इंडियन रेड क्रॉस सोसायटी और रोटरी क्लब नरकटियागंज के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित हुआ। कार्यक्रम का भव्य उद्घाटन 44वीं वाहिनी के कमांडेंट बलवंत सिंह नेगी ने विधिवत फीता काटकर किया, जिसके बाद रक्तदान प्रक्रिया की शुरुआत हुई।

इंडो-नेपाल सीमा की सुरक्षा में चौबीसों घंटे मुस्तैद रहने वाली एसएसबी ने इस आयोजन के जरिए एक बार फिर साबित किया कि वे सिर्फ सीमा के रक्षक ही नहीं, बल्कि समाज के प्रति भी पूरी तरह संवेदनशील हैं। 'सेवा, सुरक्षा, बंधुत्व और समर्पण' की अपनी मूल भावना को चरितार्थ करते हुए एसएसबी के अधिकारियों और जवानों ने शिविर में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। जवान मानव सेवा के इस पावन संदेश को देने के लिए बेहद उत्साह के साथ कतारबद्ध होकर अपनी बारी का इंतजार करते दिखे।

इस कल्याणकारी शिविर में सशस्त्र सीमा बल के उच्च अधिकारियों और बलकर्मियों ने खुद आगे बढ़कर उदाहरण पेश किया। डिप्टी कमांडेंट ज्ञानेंद्र कुमार, उप कमांडेंट अजय कुमार सिन्हा (क्षेत्रक मुख्यालय, बेतिया) और उप कानून अधिकारी सह उप कमांडेंट विनय कुमार (संचार, क्षेत्रक मुख्यालय, बेतिया) सहित कुल 30 अधिकारियों और जवानों ने स्वेच्छा से एक-एक यूनिट रक्तदान कर जीवन रक्षा का संकल्प लिया।

सफल रक्तदान के बाद कमांडेंट बलवंत सिंह नेगी ने सभी रक्तदाताओं के हौसले और जज्बे की सराहना की और उन्हें स्मृति-चिह्न देकर सम्मानित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि "रक्तदान महादान है। हमारे द्वारा दिया गया रक्त किसी मरते हुए इंसान को नया जीवन दे सकता है। हर स्वस्थ व्यक्ति को समय-समय पर रक्तदान कर जरूरतमंदों की मदद के लिए आगे आना चाहिए, क्योंकि यह समाज सेवा का सबसे बड़ा और पुनीत माध्यम है।"

इस गरिमामयी कार्यक्रम को सफल बनाने में कई वरिष्ठ अधिकारियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं की मौजूदगी रही। मौके पर क्षेत्रक मुख्यालय बेतिया के द्वितीय कमान अधिकारी नीरज थापा, उप कमांडेंट श्री सशिन शर्मा, सहायक कमांडेंट रामवीर कुमार, निरीक्षक (सामान्य) बलवीर कुमार राम के साथ-साथ रोटरी क्लब नरकटियागंज के अध्यक्ष वर्मा प्रसाद और सचिव प्रदीप श्रीवास्तव सहित कई बलकर्मी एवं स्थानीय गणमान्य लोग उपस्थित रहे।