Bihar News: पुल से नदी में जान देने कूदी महिला, ग्रामीण की बहादुरी ने बचाई जिंदगी, पूरे इलाके में असली हीरो की चर्चा
Bihar News: एक महिला ने अचानक नदी में छलांग लगा दी। इसी बीच एक ग्रामीण ने अपनी जान की परवाह किए बिना ऐसा जांबाज़ कदम उठाया...
Bettiah: पश्चिम चंपारण के मझौलिया थाना क्षेत्र में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब पिपरपाती पुल से एक महिला ने अचानक नदी में छलांग लगा दी। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई। हर कोई सहमा हुआ था, लेकिन इसी बीच एक ग्रामीण ने अपनी जान की परवाह किए बिना ऐसा जांबाज़ कदम उठाया, जिसने महिला को मौत के मुंह से खींच लाया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, महिला के नदी में छलांग लगाते ही पुल पर मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। तेज बहाव और गहराई को देखकर अधिकांश लोग असहाय नजर आए। तभी बढ़ईया गांव निवासी असफाक आलम अपने साथियों के साथ बिना एक पल गंवाए नदी में कूद पड़े। तेज धारा से जूझते हुए वे महिला तक पहुंचे और उसे सुरक्षित पकड़कर बाहर निकाल लिया।
ग्रामीणों की मदद से महिला को नदी किनारे लाया गया, जहां उसकी प्राथमिक देखभाल की गई। समय रहते हुए इस साहसिक रेस्क्यू के कारण महिला की जान बच गई। सूचना मिलते ही परिजन भी मौके पर पहुंचे। प्राथमिक उपचार के बाद महिला की स्थिति सामान्य बताई गई और उसे परिजनों के साथ सुरक्षित घर भेज दिया गया। घटना के बाद पूरे इलाके में असफाक आलम और उनके साथियों की बहादुरी की चर्चा हो रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर उन्होंने अपनी जान जोखिम में डालकर यह कदम नहीं उठाया होता, तो यह घटना एक बड़े हादसे में बदल सकती थी।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि असफाक आलम और उनके साथियों को उनके साहस, इंसानियत और बहादुरी के लिए सम्मानित किया जाए, ताकि समाज में ऐसे नेक और जांबाज़ लोगों को प्रोत्साहन मिल सके। इस घटना ने यह साबित कर दिया कि संकट की घड़ी में इंसानियत और हिम्मत सबसे बड़ी ताकत होती है।
रिपोर्ट- आशीष कुमार