बिहार का कश्मीर' बना वाल्मीकि टाइगर रिजर्व: गोबर्धना जंगल में बाघ, तेंदुआ और भालू का दीदार कर रोमांचित हो रहे पर्यटक
वाल्मीकि टाइगर रिजर्व (VTR) इन दिनों देशी-विदेशी पर्यटकों के लिए एडवेंचर का सबसे पसंदीदा डेस्टिनेशन बन गया है। प्राकृतिक सौंदर्य से लबालब इस क्षेत्र को पर्यटक 'बिहार का कश्मीर' कह रहे हैं।
Bagaha - वाल्मीकि टाइगर रिजर्व के गोबर्धना जंगल में इन दिनों सफारी के दौरान पर्यटकों को वन्यजीवों का करीब से दीदार हो रहा है। सैलानियों को जंगल के भीतर बाघ, तेंदुआ, भालू, मगरमच्छ, मोर, हिरण और जंगली मुर्गे जैसे जीव आसानी से नजर आ रहे हैं। घने सदाबहार जंगलों के बीच वन्यजीवों को देख पर्यटक रोमांचित हो रहे हैं और इस हसीन पल को अपने कैमरों में कैद कर रहे हैं।
एडवेंचर और आस्था का अद्भुत संगम
VTR केवल वन्यजीव प्रेमियों के लिए ही नहीं, बल्कि आस्था से जुड़े लोगों के लिए भी बेहद प्रसिद्ध है। जंगल के बीचों-बीच स्थित कई पौराणिक और धार्मिक स्थल श्रद्धालुओं को आकर्षित कर रहे हैं। जिसमें मदनपुर देवी स्थान, नर देवी मंदिर, वन देवी मंदिर और जटाशंकर मंदिर शामिल हैं। वहीं कैलेश्वर महादेव मंदिर, वाल्मीकि आश्रम, लव-कुश घाट और माता जानकी पाताल जैसे ऐतिहासिक स्थल पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं।

गंडक सफारी और हिमालय की वादियों का अहसास
भारत-नेपाल सीमा पर स्थित होने के कारण यहाँ का नजारा हिमालय की तलहटी जैसा महसूस होता है। नारायणी (गंडक) नदी के पानी में बोट सफारी और घने जंगलों के बीच जंगल सफारी का आनंद लेने के लिए हजारों की संख्या में पर्यटक यहाँ पहुँच रहे हैं। नारायणी नदी भारत और नेपाल के बीच एक मनोरम प्राकृतिक सीमा बनाती है, जो देखने में बेहद सुंदर लगती है।

ठहरने की उत्तम व्यवस्था और सस्ता पर्यटन
वाल्मीकिनगर को एक सस्ता और रियायत भरा टूरिज्म स्पॉट माना जा रहा है। यहाँ पर्यटकों के ठहरने के लिए सरकारी और निजी दोनों स्तरों पर बेहतर इंतजाम हैं। यहां बने वाल्मीकि विहार और फॉरेस्ट गेस्ट हाउस में ठहरने की आधुनिक व्यवस्था की गई है। इसके साथ ही हिमालय की पहाड़ियों और नदियों के समीप स्थित ये गेस्ट हाउस पर्यटकों को सुकून और शांति का अनुभव कराते हैं।

सैलानियों ने कहा- वास्तव में कश्मीर है VTR
भ्रमण पर आए पर्यटकों का कहना है कि प्राकृतिक सुंदरता के मामले में यह क्षेत्र किसी भी बड़े हिल स्टेशन से कम नहीं है। पर्यटकों के अनुसार, "VTR के वाल्मीकिनगर में जंगल और गंडक सफारी का अनुभव अद्वितीय है, यह वास्तव में बिहार का कश्मीर है।" यही कारण है कि लोग इस जगह को यादगार बनाने के लिए साल में कम से कम एक बार यहाँ जरूर पहुँच रहे हैं।
Report - ashish