जयमाला से पहले दूल्हे की मौत, शादी की खुशियां पलभर में मातम में बदली, बेतिया में दिल दहलाने वाली घटना

शादी के ठीक पहले दुल्हे के साथ एक ऐसा हादसा हुआ की खुशियों का मंजर मातम में बदल गया. दिल दहलाने वाली इस घटना के बाद परिवार में मातम पसरा है.

 Groom Dies Before Wedding
Groom Dies Before Wedding- फोटो : news4nation

Bihar News: पश्चिम चंपारण जिले से पूर्वी चंपारण शादी करने गई एक बारात उस समय मातम में बदल गई, जब जयमाला से ठीक पहले दूल्हे की अचानक तबीयत बिगड़ गई और इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। इस दर्दनाक घटना के बाद शादी की सभी रस्में रद्द कर दी गईं और बारात बिना दुल्हन के वापस लौट गई।


जानकारी के अनुसार, पश्चिम चंपारण के सरिसवा बाजार स्थित भरवलिया गांव (वार्ड-06) निवासी 25 वर्षीय शक्तिनाथ शर्मा की शादी पूर्वी चंपारण के रामगढ़वा निवासी संतोष शर्मा की पुत्री रघुनी कुमारी से गुरुवार रात राम-जानकी मंदिर में होनी थी। शादी की तैयारियां पूरी हो चुकी थीं और दोनों परिवार खुशी के माहौल में समारोह की तैयारियों में जुटे थे।


मृतक के भाई सुनील शर्मा ने बताया कि जयमाला कार्यक्रम शुरू होने से पहले शक्तिनाथ शर्मा के पेट में अचानक तेज दर्द उठा। उनकी हालत बिगड़ने पर परिजन तुरंत उन्हें रक्सौल के एसआरपी अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन इलाज के दौरान डॉक्टर उन्हें बचा नहीं सके। दूल्हे की मौत की खबर मिलते ही शादी समारोह का माहौल गम में बदल गया। दोनों परिवारों में चीख-पुकार मच गई और विवाह की सभी रस्में तत्काल रद्द कर दी गईं। इसके बाद बारात बिना शादी के ही वापस लौट गई।


शुक्रवार सुबह जब दूल्हे का शव उसके पैतृक गांव भरवलिया पहुंचा तो पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। बड़ी संख्या में ग्रामीण अंतिम दर्शन के लिए पहुंचे और पूरे गांव में मातम का माहौल छा गया। घटना के बाद परिवार ने सभी मांगलिक कार्यक्रम भी रद्द कर दिए।


आशीष की रिपोर्ट