Bihar News: महज 5 सेंटीमीटर के पत्ते पर PM मोदी समेत 3 नेताओं की तस्वीर! नीतीश सेतु की ऐसी कलाकारी देख रह जाएंगे हैरान
Bihar News: बिहार में नीतीश सेतु के उद्घाटन को लेकर उत्साह के बीच अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त सैंड आर्टिस्ट और लीफ आर्टिस्ट मधुरेंद्र कुमार ने अपनी अनोखी कलाकारी से सबका ध्यान खींच लिया है।...
Bihar News: बिहार में नीतीश सेतु के उद्घाटन को लेकर उत्साह के बीच अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त सैंड आर्टिस्ट और लीफ आर्टिस्ट मधुरेंद्र कुमार ने अपनी अनोखी कलाकारी से सबका ध्यान खींच लिया है। उन्होंने महज 5 सेंटीमीटर के हरे पीपल के पत्ते को कैनवास बनाकर उस पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की बेहद बारीक तस्वीरें उकेर दी हैं। इतना ही नहीं, इसी छोटे से पत्ते पर गंगा नदी पर बने विशाल नीतीश सेतु की आकृति भी तैयार की है। पत्ते पर अंग्रेजी में 'WELCOME TO BIHAR' और 'NITISH SETU' लिखकर प्रधानमंत्री का खास अंदाज में स्वागत किया गया है।

मधुरेंद्र कुमार के मुताबिक, इस अद्भुत कलाकृति को तैयार करने में करीब पांच घंटे का वक्त लगा। महज पांच सेंटीमीटर के पत्ते पर तीन बड़े नेताओं की तस्वीरों के साथ पुल की बारीक बनावट उकेरना उनकी असाधारण हुनरमंदी का परिचय देता है। उनकी इस कलाकृति को देखकर लोग हैरत में हैं कि इतने छोटे से प्राकृतिक कैनवास पर इतनी सूक्ष्म तस्वीरें कैसे बनाई जा सकती हैं।

कलाकार ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जब भी बिहार आते हैं, राज्य को विकास की बड़ी परियोजनाओं की सौगात मिलती है। कच्ची दरगाह से राघोपुर होते हुए वैशाली के बिदुपुर को जोड़ने वाला करीब 9.76 किलोमीटर लंबा छह लेन का गंगा पुल बिहार के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है। इसी ऐतिहासिक अवसर को यादगार बनाने के लिए उन्होंने यह कलाकृति तैयार की है। पुल का नाम पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नाम पर रखा गया है।

मधुरेंद्र कुमार इससे पहले भी अपनी अनूठी कलाकृतियों से देश-दुनिया में सुर्खियां बटोर चुके हैं। अयोध्या में दीपोत्सव-2026 के दौरान उन्होंने चार सहयोगियों के साथ सरयू तट के राम कथा पार्क में 58 फीट लंबी और 20 फीट ऊंची राम दरबार एवं राम मंदिर की विशाल रेत कलाकृति बनाई थी। इस कलाकृति को बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में जगह मिली थी।
वहीं, छठ महापर्व पर उन्होंने पीपल के हरे पत्ते पर भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित करती छठव्रतियों की बेहद छोटी तस्वीर बनाई थी। 16 नवंबर को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के जन्मदिन पर भी उन्होंने अपनी पत्ता कला से विशेष कलाकृति तैयार की थी।
रेत और पत्तों को कैनवास बनाकर अपनी कल्पनाशीलता को आकार देने वाले मधुरेंद्र कुमार की यह नई प्रस्तुति एक बार फिर साबित करती है कि कला के लिए बड़े कैनवास की नहीं, बल्कि हुनर और कल्पनाशक्ति की जरूरत होती है।
रिपोर्ट- बालमुकुंद कुमार