PM Modi Bihar Visit: पीएम मोदी के कार्यक्रम में जनसैलाब, महिलाओं में खासा उत्साह, 34 हजार करोड़ की योजनाओं की देंगे सौगात
PM Modi Bihar Visit: बिहार की लोकतांत्रिक धरती पर आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 34 हजार करोड़ रुपये की विकास योजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन करेंगे।...
PM Modi Bihar Visit: बिहार की लोकतांत्रिक धरती पर आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 34 हजार करोड़ रुपये की विकास योजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन करेंगे। वैशाली जिले के राजापाकर प्रखंड स्थित जाफरपट्टी में आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। सुबह से ही कार्यक्रम स्थल पर लोगों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया है। खासकर महिलाओं में प्रधानमंत्री को देखने और उनका संबोधन सुनने को लेकर खासा उत्साह नजर आ रहा है। बड़ी संख्या में महिलाएं कार्यक्रम स्थल पर पहुंच रही हैं।

प्रधानमंत्री के कार्यक्रम में लाखों लोगों के शामिल होने की संभावना है। भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन की ओर से पांच विशाल पंडाल तैयार किए गए हैं। इनमें डेढ़ लाख से अधिक कुर्सियों की व्यवस्था की गई है। सुबह से ही पंडालों में लोगों की भीड़ जुटने लगी है और कई हिस्सों में कुर्सियां भरने लगी हैं।

इस कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री करीब 34 हजार करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। इनमें नीतीश सेतु का उद्घाटन और इंडस्ट्रियल पार्क का शिलान्यास प्रमुख रूप से शामिल है। इन परियोजनाओं को राज्य के बुनियादी ढांचे और औद्योगिक विकास से जोड़कर देखा जा रहा है।

कार्यक्रम को लेकर सुरक्षा के भी व्यापक इंतजाम किए गए हैं। वैशाली के अलावा राज्य के विभिन्न जिलों से हजारों पुलिसकर्मियों और पुलिस अधिकारियों की तैनाती की गई है। आयोजन स्थल और उसके आसपास सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रखी गई है, ताकि कार्यक्रम शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो सके।

जाफरपट्टी में करीब 20 लाख वर्गफीट क्षेत्र में विशाल आयोजन स्थल तैयार किया गया है। यहां लोगों की सुविधा के लिए सैकड़ों एलईडी स्क्रीन लगाई गई हैं। इसके अलावा 500 से अधिक शौचालय, वाहनों के लिए पार्किंग और अन्य जरूरी सुविधाओं की व्यवस्था की गई है। प्रशासन की कोशिश है कि बड़ी संख्या में पहुंचने वाले लोगों को किसी तरह की परेशानी न हो। अब सभी की निगाहें प्रधानमंत्री के आगमन और उनके संबोधन पर टिकी हैं।
रिपोर्ट- ऋषभ कुमार