BHAGALPUR - भागलपुर दौरे पर पीएम नरेंद्र मोदी ने किसानों, पशुपालकों के साथ मछुआरों की स्थिति को लेकर भी चर्चा की। उन्होंने कहा कि नाविक साथी हैं, उन्हें पहले की सरकारों ने कोई फायदा नहीं दिया। हमने मछुआरों को किसान क्रेडिट कार्ड की सुविधा दी है। ऐसे ही प्रयासों से आज मछली उत्पादन में बिहार शानदार प्रदर्शन कर रहा है। पीएम ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की बातों को दोहराते हुए कहा कि आज मछली उत्पादन में बिहार आत्मनिर्भर बन गया है।
2013 की बात दोहराई
प्रधानमंत्री ने कहा कि 2013 में जब चुनाव अभियान के लिए मैं बिहार आया था कि मुझे हैरानी हुई कि बिहार में इतना पानी है, लेकिन यहां मछली उत्पादन इतना कम क्यों हो रहा है। लेकिन आज मुझे संतोष है कि आज बिहार के लोगों की मछली की जरुरत बिहार मे ही पूरी हो रही है।
देश के टॉप पांच राज्यों में बिहार
दस साल बिहार मछली उत्पादकों में देश के 10 राज्यों में एक था। आज बिहार देश के टॉप पांच राज्यों में शामिल है। फिशरीज सेक्टर पर फोकस का फायदा छोटे किसान और मछुआरों को हुआ है। भागलपुर के लोगों की पहचान तो गंगा जी में रहनेवाली डॉल्फिन से भी हुआ है। यह नमामि गंगे अभियान की बहुत बड़ी सफलता है।