आरा में अपराधियों का तांडव: केस वापस न लेने पर घर के बाहर बैठे प्रॉपर्टी डीलर को मारी दनादन गोली

भोजपुर के आरा में चौकीपुर पासवान चौक पर घर के बाहर बैठे प्रॉपर्टी डीलर राजू यादव को बाइक सवार 3 बदमाशों ने 2 गोलियां मार दीं। बेटे के अपहरण केस को वापस न लेने पर वारदात को अंजाम दिया गया। SDPO सदर ने सीसीटीवी जांच कर त्वरित गिरफ्तारी की बात कही।

Bhojpur property dealer shot
आरा में बेखौफ अपराधियों ने प्रॉपर्टी डीलर को मारी 2 गोलियां- फोटो : news 4 nation

भोजपुर जिले के गजराजगंज ओपी क्षेत्र अंतर्गत चौकीपुर बांध के पास मंगलवार की शाम अपराधियों ने एक सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया। हथियारबंद बदमाशों ने घर के पास खड़े प्रॉपर्टी डीलर राजू कुमार यादव को लक्ष्य कर गोलियों से भून दिया। पीड़ित मूल रूप से शाहपुर प्रखंड के लालू डेरा निवासी कमला यादव के पुत्र हैं और वर्तमान में चौकीपुर पासवान चौक के पास परिवार के साथ रहकर जमीन की खरीद-बिक्री का कारोबार करते हैं। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।


बेटे के अपहरण के प्रयास और पुराने केस की रंजिश में हमला

घायल राजू कुमार यादव के अनुसार, इस हमले की वजह पुरानी रंजिश और केस वापस न लेने का दबाव है। करीब छह-सात महीने पहले उनके बेटे रितेश कुमार का आरके एकेडमी स्कूल से अपहरण करने का प्रयास किया गया था और मारपीट की गई थी। इस मामले में राजू ने पुलिस में नामजद केस दर्ज कराया था। इसके बाद से ही दबंगों द्वारा लगातार केस उठाने के लिए जान से मारने की धमकियां दी जा रही थीं, जिसकी जानकारी उन्होंने तीन-चार दिन पहले ही केस के आईओ (तफ्तीश अधिकारी) को भी दी थी।


अंधाधुंध फायरिंग में लगीं दो गोलियां, निजी अस्पताल में भर्ती

मंगलवार की शाम करीब 5:30 बजे जब राजू अपने घर के पास खड़े थे, तभी एक बाइक पर सवार होकर आए तीन बदमाशों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। इस हमले में राजू को दो गोलियां लगीं—एक गोली पेट के बाएं हिस्से में और दूसरी बाएं पैर की जांघ में। परिजनों और स्थानीय लोगों द्वारा उन्हें तुरंत आरा सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए आरा के महावीर टोला स्थित मेडिकॉन हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। इलाज कर रहे डॉ. सूर्यकांत निराला के अनुसार मरीज की स्थिति फिलहाल स्थिर है।


पुलिस मामले की जांच और अपराधियों की धरपकड़ में जुटी

वारदात की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत हरकत में आई और अस्पताल पहुंचकर घायल के बयान दर्ज किए। पुलिस पुराने केस के विवाद, कॉल डिटेल्स और पीड़ित द्वारा दी गई जानकारी को आधार बनाकर मामले की गहनता से तफ्तीश कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि घटनास्थल और आसपास के इलाकों में संदिग्धों की पहचान के लिए छापेमारी की जा रही है तथा घटना में शामिल तीनों आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

भोजपुर से आशीष कुमार की रिपोर्ट