Bihar Road Accident: शादी की खुशियां पलभर में मातम में बदलीं, बारात की कार पेड़ से टकराई, भीषण हादसे में 3 की दर्दनाक मौत

Bihar Road Accident: उत्तर प्रदेश से बिहार जा रही बारात के रास्ते में ऐसा दर्दनाक हादसा हुआ कि शादी की खुशियां पलभर में मातम में बदल गईं। ...

Bihar Road Accident: शादी की खुशियां पलभर में मातम में बदलीं
बारात की कार पेड़ से टकराई- फोटो : X

Bihar Road Accident: उत्तर प्रदेश से बिहार जा रही बारात के रास्ते में ऐसा दर्दनाक हादसा हुआ कि शादी की खुशियां पलभर में मातम में बदल गईं। बक्सर में बारात में शामिल एक कार भीषण सड़क दुर्घटना का शिकार हो गई। बाइक सवार को बचाने की कोशिश में चालक ने कार से नियंत्रण खो दिया और गाड़ी सड़क किनारे खड़े पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार में सवार तीन लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

यह दिल दहला देने वाली घटना राजपुर थाना क्षेत्र के चौसा-मोहनिया सड़क की है। जानकारी के मुताबिक, उत्तर प्रदेश के गहमर थाना क्षेत्र अंतर्गत भतोरा गांव से बारात कैमूर जिले के बिशनपुर गांव जा रही थी। बारात में कई वाहन शामिल थे। इसी दौरान अचानक कार के सामने एक बाइक सवार आ गया। उसे बचाने के लिए चालक ने गाड़ी मोड़ने की कोशिश की, लेकिन कार अनियंत्रित हो गई और तेज रफ्तार में सड़क किनारे पेड़ से जा भिड़ी।

हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। कार की हालत देखकर आसपास के लोग सहम गए। देखते ही देखते मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। बारात के दूसरे वाहनों में सवार लोग भी दुर्घटनास्थल पर पहुंचे। कुछ ही पलों में शादी के उत्साह और उल्लास का माहौल गहरे शोक में बदल गया।

इस भीषण हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। फिलहाल मृतकों की पहचान और दुर्घटना से जुड़ी अन्य विस्तृत जानकारी सामने आने का इंतजार है। घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है।