लखीसराय में NGT आदेशों की खुलेआम उड़ रही धज्जिया, 2-3 फीट की जगह 30-40 फीट गहराई से बालू खनन
बिहार के लखीसराय में NGT के नियमों के विपरीत 2-3 फीट की जगह 30-40 फीट गहराई से बालू खनन किया जा रहा है। नदी कटाव और पर्यावरण को बढ़ते खतरे के बीच कार्रवाई की मांग की गई है।
बिहार के लखीसराय जिले में राष्ट्रीय हरित अधिकरण (NGT) के नियमों को ताक पर रखकर बड़े पैमाने पर बालू खनन किए जाने की शिकायतें सामने आई हैं। जानकारी के अनुसार, घाट नंबर 10 पर निर्धारित मानकों के विपरीत जाकर गहरी खोदाई से बालू निकाला जा रहा है।
तय सीमा से कहीं अधिक गहराई तक खोदाई
नियमों के मुताबिक, नदी तल से केवल 2 से 3 फीट की गहराई तक ही बालू खनन की अनुमति दी जाती है, लेकिन घाट नंबर 10 पर 30 से 40 फीट गहराई तक बालू काटा जा रहा है। इतनी अधिक गहराई तक खनन होने से नदी के कटाव का खतरा बढ़ गया है और पर्यावरणीय संतुलन को गंभीर नुकसान पहुंच रहा है।
नदी की धारा और ग्रामीणों पर बढ़ता जोखिम
NGT के दिशा-निर्देशों के अनुसार, बालू खनन में गहराई की सीमा का पालन अनिवार्य है। तय सीमा से अधिक गहराई में खोदाई करने से नदी की धारा बदलने, जलीय जीवों के आवास प्रभावित होने और आसपास के गांवों पर कटाव व बाढ़ का जोखिम बढ़ने की आशंका रहती है, इसलिए 2-3 फीट से गहरे खनन पर सख्त प्रतिबंध है।
प्रशासनिक कार्रवाई की मांग
स्थानीय लोगों का आरोप है कि अवैध खनन को लेकर संबंधित विभाग और प्रशासन की ओर से प्रभावी रोक नहीं लग पा रही है। ग्रामीणों ने पूरे मामले की शीघ्र जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।
लखीसराय से धीरज पराशर की रिपोर्ट