Bihar News : राशन कालाबाजारी मामले में वाहन चालकों को मिली बड़ी राहत: पटना हाईकोर्ट ने रद्द की ड्राइवर के खिलाफ कार्यवाही, सुनाया अहम फैसला

Bihar News : पटना हाईकोर्ट ने कहा की यदि किसी वाहन से सरकारी राशन की कथित कालाबाजारी हो रही हो, तो केवल उस गाड़ी का चालक होने के आधार पर किसी व्यक्ति के खिलाफ मुकदमा नहीं चलाया जा सकता।

Bihar News : राशन कालाबाजारी मामले में वाहन चालकों को मिली ब
वाहन चालकों को राहत - फोटो : SOCIAL MEDIA

PATNA : पटना हाईकोर्ट ने आम वाहन चालकों को बड़ी कानूनी राहत देते हुए एक अति महत्वपूर्ण निर्णय सुनाया है। हाईकोर्ट ने स्पष्ट कर दिया है कि यदि किसी वाहन से सरकारी राशन की कथित कालाबाजारी या हेराफेरी हो रही हो, तो महज उस गाड़ी का ड्राइवर होने के नाते किसी व्यक्ति पर 'आवश्यक वस्तु अधिनियम'  के तहत मुकदमा नहीं चलाया जा सकता।  

जस्टिस चंद्र शेखर झा की एकलपीठ ने शेखपुरा के एक ट्रैक्टर चालक (शशिकांत कुमार) के खिलाफ चल रही आपराधिक कार्यवाही और निचली अदालत के आदेश को पूरी तरह रद्द कर दिया है। साल 2013 में शेखपुरा जिले में सरकारी जन वितरण प्रणाली  के अनाज की हेराफेरी को लेकर एक एफआईआर दर्ज की गई थी। पुलिस जांच में एक ट्रैक्टर (नंबर BR-52-8720) का नाम सामने आया और इसके चालक शशिकांत कुमार को भी आरोपी बना दिया गया। निचली अदालत ने चालक के खिलाफ संज्ञान भी ले लिया था, जिसे उन्होंने पटना हाईकोर्ट में चुनौती दी थी।  

पटना  हाईकोर्ट की 3 बड़ी टिप्पणियां की। हाईकोर्ट ने स्पष्ट  किया कि सिर्फ डीलर या एजेंट पर ये कानून लागू होता है। कोर्ट ने कहा कि आवश्यक वस्तु अधिनियम की धारा 7 के तहत कार्रवाई केवल पीडीएस  डीलर या अधिकृत एजेंट के खिलाफ की जा सकती है। एक साधारण ड्राइवर, जिसका अनाज के व्यापार या वितरण से कोई लेना-देना नहीं है, उस पर यह कानून लागू नहीं होता। कोर्ट ने पाया कि ड्राइवर को न तो सरकारी अनाज सौंपा गया था और न ही उसने किसी के साथ धोखाधड़ी की थी। इसलिए उस पर आईपीसी की धारा 409 (अमानत में खयानत) और 420 (धोखाधड़ी) के आरोप भी टिक नहीं सकते। संदेह के आधार पर साजिश का आरोप गलत हैं।

हाईकोर्ट ने स्पष्ट किया कि केवल गाड़ी चलाने के आधार पर किसी को 'आपराधिक साजिश' (धारा 120-B) का हिस्सा नहीं माना जा सकता।  हाईकोर्ट ने माना कि ऐसे मामलों में निर्दोष ड्राइवरों पर मुकदमा चलाना कानूनी प्रक्रिया का दुरुपयोग है। इस फैसले से उन हजारों ट्रांसपोर्ट और ट्रैक्टर चालकों को बड़ी सुरक्षा मिलेगी, जिन्हें अक्सर मालिकों या व्यापारियों की गड़बड़ियों के कारण पुलिसिया कार्रवाई का शिकार होना पड़ता है।