Bihar News : गया में रोंगटे खड़े कर देने वाला सड़क हादसा, तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक को मारी टक्कर, कटकर डिवाइडर की ग्रिल में फंसा युवक का पैर

Bihar News : गया शहर के विष्णुपद थाना क्षेत्र अंतर्गत हनुमान मंदिर बाईपास रोड पर शनिवार को एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया है.....पढ़िए आगे

Bihar News : गया में रोंगटे खड़े कर देने वाला सड़क हादसा, ते
भीषण सड़क हादसा - फोटो : MANOJ

GAYA : गया शहर के विष्णुपद थाना क्षेत्र अंतर्गत हनुमान मंदिर बाईपास रोड पर शनिवार को एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया है। एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक सवार युवक को इतनी जोरदार टक्कर मारी कि उसका एक पैर शरीर से पूरी तरह कटकर अलग हो गया। हादसा इतना भयावह था कि कटने के बाद पैर का वह हिस्सा हवा में उछलकर सड़क के बीचों-बीच बने डिवाइडर की लोहे की ग्रिल पर जाकर फंस गया। इस खौफनाक मंजर को देखकर मौके पर अफरा-तफरी मच गई और राहगीरों व स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, इस वीभत्स हादसे में गंभीर रूप से घायल युवक की पहचान विष्णुपद थाना क्षेत्र के ही घुघरी टांड निवासी हर्ष कुमार के रूप में हुई है। चश्मदीदों ने बताया कि हर्ष अपनी मोटरसाइकिल से किसी आवश्यक कार्य के सिलसिले में बाईपास रोड से गुजर रहा था। इसी दौरान पीछे से काल बनकर आ रहे एक अनियंत्रित और तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक में पीछे से जबरदस्त टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि हर्ष बाइक सहित सड़क पर कई फीट दूर जा गिरा और इस प्रक्रिया में उसका पैर कटकर अलग हो गया, जिसे देख हर कोई स्तब्ध रह गया।

घटना के तुरंत बाद स्थानीय ग्रामीणों और राहगीरों ने सूझबूझ और मानवता का परिचय देते हुए तुरंत घायल युवक की मदद करना शुरू किया। लोगों ने सबसे पहले अत्यधिक रक्तस्राव को रोकने के लिए कटे हुए पैर को गमछे से ढंका और तुरंत इसकी सूचना स्थानीय पुलिस व एम्बुलेंस को दी। घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए विष्णुपद थाना पुलिस बिना वक्त गंवाए दल-बल के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस ने लहूलुहान हालत में तड़प रहे हर्ष को तुरंत उठाकर इलाज के लिए मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजा, जहाँ डॉक्टरों की विशेष टीम की निगरानी में उसका इलाज चल रहा है। फिलहाल युवक की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है।

मामले के संबंध में विष्णुपद थाना अध्यक्ष परमानंद लाल कर्ण ने विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि सड़क दुर्घटना की खबर मिलते ही पुलिस टीम ने त्वरित रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया और युवक को बेहतर चिकित्सा उपलब्ध कराने के लिए अस्पताल भिजवाया। उन्होंने कहा कि दुर्घटना को अंजाम देकर मौके से तेजी से भागे अज्ञात वाहन और उसके चालक की पहचान के लिए हाईवे व आसपास के प्रतिष्ठानों में लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस ने दावा किया है कि बहुत जल्द दोषी वाहन को जब्त कर चालक के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

स्थानीय लोगों ने कहा की "बाईपास रोड पर तेज रफ्तार वाहनों का कहर लगातार बढ़ता जा रहा है। इस मार्ग पर गति सीमा तय करने और स्पीड ब्रेकर बनाने की सख्त जरूरत है ताकि आए दिन होने वाले इन जानलेवा हादसों पर अंकुश लगाया जा सके।" इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर गया शहर की यातायात और सड़क सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों में तेज रफ्तार भारी वाहनों को लेकर गहरा आक्रोश है। फिलहाल पुलिस प्रशासन ने पीड़ित परिजनों को सूचित कर दिया है और हाईवे पर गश्त बढ़ा दी है।

मनोज की रिपोर्ट