Bihar News : विधवा भाभी का शादी का झांसा देकर देवर ने 3 साल तक किया यौन शोषण, मांग में सिंदूर भरकर मुकरा, पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार

Bihar News : गया में विधवा महिला के साथ शादी का झांसा देकर देवर पर पिछले तीन वर्षों तक लगातार शारीरिक शोषण करने का संगीन आरोप लगा है.....पढ़िए आगे

Bihar News : विधवा भाभी का शादी का झांसा देकर देवर ने 3 साल
देवर ने भाभी का किया यौन शोषण - फोटो : MANOJ

GAYAJI : बिहार के गया जिले के आमस थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाला और सामाजिक रिश्तों को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक बेसहारा विधवा महिला के साथ शादी का झांसा देकर पिछले तीन वर्षों तक लगातार शारीरिक शोषण करने का संगीन आरोप लगा है। पीड़िता ने किसी और पर नहीं, बल्कि अपने ही रिश्ते में लगने वाले चचेरे देवर पर धोखा देने का गंभीर आरोप लगाते हुए थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है, जिसके बाद इलाके में सनसनी फैल गई है।

पति की मौत के बाद बेसहारा पाकर चचेरे देवर ने बुना प्रेमजाल

पीड़िता द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के अनुसार, पति की असमय मौत के बाद वह अपने तीन छोटे-छोटे बच्चों के साथ बेहद बेसहारा होकर अकेली रह रही थी। महिला को इस बेबसी की हालत में देखकर आरोपी युवक ने उसे सहारा देने का ढोंग रचा। उसने महिला को अपनी बातों में फंसाया और भविष्य में शादी करने का अटूट भरोसा देकर उसके साथ नजदीकियां बढ़ा लीं। महिला का आरोप है कि शादी का झांसा देकर आरोपी पिछले तीन साल से लगातार उसकी आबरू से खेलता रहा और जब भी वह विवाह का दबाव बनाती, वह कोई न कोई बहाना बनाकर बात टाल देता।

परिवार के 7 लोग भी थे साजिश में शामिल, देते रहे झूठा आश्वासन

इस पूरे खेल में केवल मुख्य आरोपी ही नहीं, बल्कि उसका पूरा परिवार भी शामिल था। महिला ने पुलिस को बताया कि आरोपी के परिवार वाले भी उसे लगातार यह कहकर दिलासा देते रहे कि वे जल्द ही दोनों की सामाजिक रीति-रिवाज से शादी करा देंगे। इसी पारिवारिक आश्वासन और लोक-लाज के डर से पीड़िता लंबे समय तक सब कुछ सहते हुए खामोश रही। न्याय की गुहार लगाते हुए पीड़िता ने मुख्य आरोपी समेत उसके परिवार के कुल सात लोगों को इस मामले में नामजद अभियुक्त बनाया है।

25 फरवरी की रात मांग में भरा सिंदूर, फिर वादे से पलटा आरोपी

प्राथमिकी के मुताबिक, प्रताड़ना की हद पार करते हुए गत 25 फरवरी की रात आरोपी अचानक महिला के घर में दाखिल हुआ और दोबारा जबरन संबंध बनाने की कोशिश की। जब महिला ने इसका कड़ा विरोध किया, तो उसने आनन-फानन में उसकी मांग में सिंदूर भर दिया और समाज के सामने अगले ही दिन विदा कराकर ले जाने का वादा किया। लेकिन इस ढोंग के कुछ ही दिनों बाद वह अपने वादे से पूरी तरह मुकर गया और पीड़िता को अपनाने तथा शादी करने से साफ इंकार कर दिया।

मुख्य आरोपी गिरफ्तार कर भेजा गया जेल, बाकी नामजदों की जांच शुरू

धोखाधड़ी और लगातार शोषण से तंग आकर आखिरकार पीड़िता ने न्याय के लिए आमस थाने का दरवाजा खटखटाया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस तुरंत हरकत में आई। आमस थानाध्यक्ष धनंजय कुमार ने बताया कि महिला की शिकायत पर सुसंगत धाराओं में केस दर्ज कर त्वरित कार्रवाई की गई है। पुलिस ने जाल बिछाकर मुख्य आरोपी को धर-दबोचा है और उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। वहीं, केस में नामजद अन्य छह लोगों की भूमिका की भी गहनता से जांच की जा रही है।

मनोज की रिपोर्ट