Bihar News: 165 करोड़ रुपए से बोधगया में बौद्ध ध्यान एवं अनुभव केन्द्र का होगा निर्माण, पर्यटन और रोजगार का खोलेगा द्वार

पर्यटकों के लिए नई सुविधाओं का तोहफा देते हुए बोधगया में पर्यटन मंत्रालय के स्वदेश दर्शन स्कीम 2.0 के तहत एक सौ पैसठ करोड़ रुपए से अधिक की राशि से बौद्ध ध्यान एवं अनुभव केन्द्र का निर्माण होगा.

Buddhist meditation and experience center
Buddhist meditation and experience center - फोटो : news4nation

Bihar News: पर्यटन मंत्रालय के स्वदेश दर्शन स्कीम 2.0 के अन्तर्गत बोधगया में बौद्ध ध्यान एवं अनुभव केन्द्र का निर्माण होगा। इस योजना की प्राक्कलित राशि एक सौ पैसठ करोड़ चौवालिस लाख तीस हजार रूपये है। पर्यटन मंत्रालय, भारत सरकार के द्वारा केन्द्रीय बजट 2024-25 में गयाजी एवं बोधगया के समग्र विकास हेतु किये गये घोषणा के अनुपालन में योजना से संबंधित विस्तृत प्रतिवेदन की मांग की गयी थी। 


इस घोषणा के अनुपालन में गया एवं बोधगया के समग्र विकास हेतु इस योजना का विस्तृत परियोजना प्रतिवेदन तैयार कर पर्यटन मंत्रालय, भारत सरकार को समर्पित किया गया था, जिसपर पर्यटन मंत्रालय द्वारा स्वीकृति प्रदान की गई है। योजना की प्राक्कलित राशि एक सौ पैसठ करोड़ चौवालिस लाख तीस हजार रु. पर दिनांक 02.04.2025 को मुख्य अभियंता, बिहार राज्य पर्यटन विकास निगम, बिहार, पटना से तकनीकी अनुमोदन प्राप्त किया गया था, इसके उपरांत 22 मई को प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की गयी है।       


विशेष सचिव सह पर्यटन निदेशक उदयन मिश्रा ने बताया कि बिहार में गया जिलान्तर्गत बोधगया एक महत्वपूर्ण पर्यटक स्थल है। यहाँ अधिक संख्या में पर्यटकों का आगमन होता है तथा निरंतर पर्यटकों की संख्या में अधिकाधिक वृद्धि हो रही है। आने वाले पर्यटकों को उच्च गुणवत्तापूर्ण पर्यटकीय सुविधा उपलब्ध कराने हेतु बौद्ध ध्यान एवं अनुभव केन्द्र का निर्माण किया जाना है, जिससे पर्यटकों की संख्या में वृद्धि होगी एवं सरकार को राजस्व की प्राप्ति होगी। साथ ही आस-पास के क्षेत्रों में स्थानीय लोगों के लिए रोजगार एवं व्यापार की संभावनाएं भी सृजित होगी। 


मंत्रिपरिषद् द्वारा पर्यटन मंत्रालय के स्वदेश दर्शन स्कीम 2.0 के अन्तर्गत बौद्ध ध्यान एवं अनुभव केन्द्र, बोधगया के निर्माण हेतु स्वीकृति विगत 16 मई को प्रदान की गयी। इस योजना के कार्यान्वयन हेतु सम्पूर्ण राशि की विमुक्ति पर्यटन मंत्रालय, भारत सरकार के द्वारा की जायेगी। इस योजना के अन्तर्गत बौद्ध ध्यान एवं अनुभव केन्द्र का निर्माण किया जाना प्रस्तावित है। बिहार राज्य पर्यटन विकास निगम इस योजना की कार्यकारी एजेंसी है, जो इस महत्वपूर्ण योजना का निर्माण कार्य पूर्ण करेगी।

नरोत्तम की रिपोर्ट