Gaya Car fire: गया में CNG कार में लगी भीषण आग, शीशा तोड़कर दो लोगों ने बचाई जान

Gaya Car fire: गया के डोभी ओवरब्रिज के नीचे शुक्रवार देर शाम CNG स्विफ्ट डिजायर कार में भीषण आग लग गई। दो लोगों ने शीशा तोड़कर अपनी जान बचाई, जबकि कार जलकर राख हो गई।

Gaya Car fire

बिहार के गया जिले में डोभी ओवरब्रिज के नीचे शुक्रवार की देर शाम एक चलती CNG कार में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में स्विफ्ट डिजायर कार पूरी तरह जलकर राख हो गई। कार में सवार दो लोगों ने सूझबूझ दिखाते हुए शीशा तोड़ा और बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। गनीमत रही कि इस घटना में दोनों को कोई गंभीर चोट नहीं आई।


देखते ही देखते आग की लपटों में घिरी कार


चश्मदीदों के अनुसार, स्विफ्ट डिजायर कार डोभी ओवरब्रिज के नीचे से गुजर रही थी। इसी दौरान अचानक कार से धुआं उठने लगा। इससे पहले कि कार सवार कुछ समझ पाते, आग ने पूरी गाड़ी को अपनी चपेट में ले लिया। आग की लपटें तेजी से फैलती देख कार में बैठे दोनों व्यक्ति घबरा गए। उन्होंने किसी तरह कार का शीशा तोड़ा और बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। कार में CNG गैस होने के कारण आसपास मौजूद लोग भी आग बुझाने के लिए पास जाने से हिचकिचाते रहे। देखते ही देखते पूरी कार जलकर राख हो गई।


टेंट हाउस संचालक की बताई जा रही कार


स्थानीय लोगों के अनुसार, जली हुई कार डोभी थाना क्षेत्र के पिपरघट्टी के समीप रहने वाले एक टेंट हाउस संचालक की बताई जा रही है। हालांकि, घटना के समय कार में सवार दोनों व्यक्तियों की पहचान नहीं हो सकी है।


सड़क पर लगा जाम, पुलिस ने संभाला मोर्चा


घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को जलती हुई कार से दूर किया। अग्निशमन दल को भी सूचना दी गई, लेकिन उसके पहुंचने से पहले ही कार पूरी तरह जल चुकी थी। कार में आग लगने के बाद मौके पर बड़ी संख्या में लोग जुट गए। इसके कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और कुछ समय के लिए आवागमन प्रभावित रहा। बाद में जली हुई कार को सड़क से हटाया गया, जिसके बाद यातायात सामान्य हो सका।


आग लगने के कारणों की जांच में जुटी पुलिस


फिलहाल कार में आग लगने की वास्तविक वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आग लगने के कारणों का पता लगाने में जुटी है। घटना के बाद पुलिस मौके पर कैंप कर रही थी।