Bihar News : गयाजी में 'प्रखंड सहयोग सह जन कल्याण शिविर का हुआ आयोजन, प्रभारी मंत्री विजय सिन्हा ने सुनीं आम लोगों की समस्याएं
Bihar News : बिहार सरकार के मंत्री विजय सिन्हा ने आज गया ज़िला के बेलागंज एवं मानपुर प्रखंड कार्यालय परिसर में "प्रखंड सहयोग सह जन कल्याण शिविर" में शामिल हुए। जहाँ उन्होंने लोगों की समस्याएं सुनी.....पढ़िए आगे
GAYAJI : बिहार सरकार के कृषि मंत्री सह गया जिले के प्रभारी मंत्री विजय सिन्हा आज जिले के बेलागंज और मानपुर प्रखंड कार्यालय परिसर पहुंचे। वहां उन्होंने राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी योजना 'सात निश्चय-3' के तहत "सबका सम्मान जीवन आसान" संकल्प को धरातल पर उतारने के उद्देश्य से आयोजित "प्रखंड सहयोग सह जन कल्याण शिविर" में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। कार्यक्रम की शुरुआत में गया के जिलाधिकारी शशांक शुभंकर ने मंत्री और अन्य विशिष्ट अतिथियों का पुष्पगुच्छ देकर भव्य स्वागत किया।
शिविर में उपस्थित आम जनता और अधिकारियों को संबोधित करते हुए प्रभारी मंत्री विजय सिन्हा ने कहा कि आम लोगों की शिकायतों और समस्याओं के त्वरित, पारदर्शी तथा प्रभावी समाधान के लिए प्रत्येक माह के प्रथम एवं तृतीय मंगलवार को बिहार के सभी जिलों में पंचायतवार इन विशेष शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने याद दिलाया कि राज्य सरकार ने इस व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए पिछले 11 मई को ही 'सहयोग पोर्टल' और हेल्पलाइन नंबर 1100 जारी किया था, जिसके माध्यम से जनता सीधे अपनी शिकायत दर्ज करा सकती है।
मंत्री ने शिविर में लगाए गए सभी विभागों के काउंटरों का निरीक्षण किया और ऑन-स्पॉट निष्पादन पर जोर दिया। उन्होंने कड़े निर्देश देते हुए कहा कि अंचल, प्रखंड या थाना स्तर की जो भी जन समस्याएं इस शिविर में आ रही हैं, संबंधित पदाधिकारी हर हाल में आवेदन प्राप्ति की तिथि से 30 दिनों के भीतर उनका अंतिम और संतोषजनक निष्पादन सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि सरकार और जिला प्रशासन जनता का भरोसा मजबूत करने और उनके सपनों को साकार करने के लिए पूरी तरह मुस्तैद है।
इस अवसर पर गया के जिलाधिकारी शशांक शुभंकर ने प्रगति रिपोर्ट साझा करते हुए बताया कि जिले में अब तक 'प्रखंड सहयोग सह जन कल्याण शिविर' और 'सहयोग पोर्टल' के माध्यम से ऑनलाइन व ऑफलाइन कुल 14,873 आवेदन प्राप्त हुए हैं। प्रशासनिक तत्परता के कारण इनमें से 12 हजार से अधिक आवेदनों का सफलतापूर्वक निष्पादन कर दिया गया है। आज के शिविर में सैकड़ों आवेदकों को निष्पादित पत्र के साथ-साथ बासगीत पर्चा, नया राशन कार्ड, जन्म प्रमाण पत्र, मुख्यमंत्री वृद्धजन पेंशन योजना की स्वीकृति, मनरेगा जॉब कार्ड और स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के तहत प्रोत्साहन राशि के सांकेतिक कागजात सौंपे गए। इस जन कल्याणकारी कार्यक्रम के दौरान वज़ीरगंज और बेलागंज के विधायकगण, उप विकास आयुक्त, अपर समाहर्ता आपदा, संबंधित प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी समेत विभिन्न विभागों के तमाम वरीय पदाधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि और भारी संख्या में ग्रामीण मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
मनोज की रिपोर्ट