Vande Bharat Express: बिहार में फिर वंदे भारत एक्सप्रेस पर पथराव, वाराणसी से रांची जा रही ट्रेन पर गया जी में हमला, यात्रियों में मचा हड़कंप
Vande Bharat Express: वंदे भारत ट्रेन पर पथराव के मामले आम हो गए हैं। आए दिन ट्रेन पर पथराव होने की घटना सामने आ रही है। ताजा मामला गया जी का है। जहां वाराणसी से रांची जा रही वंदे भारत ट्रेन पर पथराव हुआ है।

Vande Bharat Express: रेलवे ने वंदे भारत का परिचलान लोगों के सुविधा के लिए किया था। वंदे भारत ट्रेन से कई राज्यों के बीच की दूरी खत्म हुई। लेकिन कई राज्यों से लगातार वंदे भारत पर पथराव की खबरे सामने आती रहती है। एक बार फिर वंदे भारत पर पथराव हुआ है। मामला गया जी का है। अचनाक ट्रेन पर हुए पथराव से यात्रियों के बीच अफरा-तफरी का माहौल कायम हो गया। इस घटना में इंजन का शीशा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। घटना के बाद अधिकारी जांच में जुट गए हैं।
वाराणसी से रांची जा रही वंदे भारत ट्रेन पर हमला
जानकारी अनुसार बुधवार की देर शाम गया जी जंक्शन से गुजर रही वाराणसी-रांची वंदे भारत एक्सप्रेस (20888) पर असामाजिक तत्वों ने पत्थरबाजी की। जिससे ट्रेन के इंजन का शीशा टूटकर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। घटना के बाद ट्रेन में सवार यात्रियों में दहशत फैल गई और कुछ देर के लिए अफरा-तफरी की स्थिति उत्पन्न हो गई। रेलवे सूत्रों के मुताबिक यह घटना डीडीयू रेल मंडल के अंतर्गत कष्ठा स्टेशन और गया वेस्ट केबिन के बीच रेल किलोमीटर 475/26 पर हुई। ट्रेन वाराणसी से रांची की ओर जा रही थी, जब कुछ शरारती तत्वों ने उस पर पत्थर फेंक दिए।
हताहत की खबर नहीं
ट्रेन के पायलट एस.के. सिन्हा, सहायक पायलट सुधीर कुमार और गार्ड सुदर्शन कुमार ने तत्काल इस घटना की जानकारी रेल प्रशासन को दी। हालांकि इस हमले में कोई यात्री हताहत नहीं हुआ है। पूर्व मध्य रेलवे के प्रधान मुख्य सुरक्षा आयुक्त सह आरपीएफ आईजी अमरेश कुमार ने इस घटना को गंभीरता से लेते हुए कहा कि पथराव जैसी घटनाएं बेहद चिंताजनक हैं और रेल यात्रियों की सुरक्षा में बाधा डालती हैं। उन्होंने कहा कि दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
अक्सर वंदे भारत पर होता है पथराव
गौरतलब है कि इससे पहले भी बिहार में वंदे भारत एक्सप्रेस पर पथराव की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। बार-बार हो रही ऐसी घटनाएं न केवल यात्रियों की सुरक्षा पर सवाल उठाती हैं, बल्कि अत्याधुनिक ट्रेनों को भी नुकसान पहुंचाती हैं। रेल प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि वे ऐसे असामाजिक कृत्यों की सूचना तत्काल संबंधित अधिकारियों को दें और सुरक्षित रेल यात्रा सुनिश्चित करने में सहयोग करें।