Crime News: एयरहोस्टेस प्रेमिका के चक्कर में बीवी पर ढाया कहर, डॉक्टर शौहर ने दहेज की खातिर उजाड़ा सुहाग, सरेआम की दरिंदगी
Crime News: डिजिटल दौर में हमसफर की तलाश एक महिला डॉक्टर के लिए ऐसी खौफनाक त्रासदी बन जाएगी, इसका अंदाजा शायद ही किसी को था।...
Crime News: डिजिटल दौर में हमसफर की तलाश एक महिला डॉक्टर के लिए ऐसी खौफनाक त्रासदी बन जाएगी, इसका अंदाजा शायद ही किसी को था। मैट्रिमोनियल साइट 'जीवनसाथी' के जरिए शुरू हुई एक इश्क की दास्तान महज चंद महीनों में दहेज की हवस और बेवफाई की भेंट चढ़ गई। देहरादून की एक डेंटिस्ट बेटी का कसूर सिर्फ इतना था कि उसने अपने डॉक्टर पति के अवैध ताल्लुकात का विरोध करने की जुर्रत की थी।
पीड़िता का परिचय सहारनपुर के डॉ. सक्षम अरोड़ा से एक नामचीन मैट्रिमोनियल साइट पर हुआ था। रस्मो-रिवाज और बड़ी उम्मीदों के साथ 5 मार्च 2025 को दोनों की शादी हुई। लेकिन खुशियों की रुखसती होते ही ससुराल वालों ने अपना असली रंग दिखाना शुरू कर दिया। डेंटिस्ट पत्नी के मुताबिक, शादी के कुछ ही दिनों बाद पति और सास-ससुर ने सोने के जेवरात और नकदी के लिए मानसिक तशद्दुद (प्रताड़ना) शुरू कर दिया। हद तो तब हो गई जब ससुर ने घर की निर्माण के लिए मायके से मोटी रकम लाने का फरमान सुना दिया।
रिश्ते की बुनियाद तब पूरी तरह हिल गई जब पीड़िता को पति के एक्स्ट्रा मैरिटल अफेयर का पता चला। आरोप है कि डॉ. सक्षम का अपनी ही एक मरीज के साथ नापाक रिश्ता है, जो पेशे से एयरहोस्टेस है। जब पत्नी ने इस गुनाह पर सवाल उठाए, तो डॉक्टर पति हैवान बन गया। उसने अपनी पत्नी को कमरे में बंद कर लात-घूंसों से बेतहाशा पीटा। जुल्म की इंतहा देखिए, करवाचौथ के अगले ही दिन लालची सास ने बहू के तमाम जेवर छीन लिए और उसे बेसहारा कर दिया।
बीते 30 अक्टूबर को जब सब्र का पैमाना लबरेज हो गया, तो ससुराल वालों ने मारपीट कर उसे घर से बाहर निकाल दिया। पीड़िता ने किसी तरह पुलिस तक पहुंचकर अपनी दास्तान-ए-गम सुनाई। रायपुर थाने के एसओ गिरीश नेगी ने बताया कि आरोपी पति डॉ. सक्षम और उसके माता-पिता के खिलाफ दहेज उत्पीड़न और मारपीट की संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।