गोपालगंज पहुंचे लालू-राबड़ी और रोहिणी आचार्य : ननिहाल की यादों में खोईं रोहिणी, पीएम मोदी और भाजपा पर साधा निशाना

राजद सु्प्रीमो लालू प्रसाद गुरुवार को पत्नी पूर्व सीएम राबड़ी देवी और पुत्री रोहिणी के साथ गोपालगंज पहुंचे, जहां वे उचकागांव के बरगछिया गांव में निजी कार्यक्रम में शामिल हुए। इस दौरान रोहिणी आचार्य ने बचपन की यादें साझा करते हुए भावुक नजर आई....

गोपालगंज पहुंचे लालू-राबड़ी और रोहिणी आचार्य : ननिहाल की याद
ननिहाल की यादों में खोईं रोहिणी- फोटो : नमो नारायण मिश्रा

Gopalganj : राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव, पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी और रोहिणी आचार्य गुरुवार को गोपालगंज पहुंचे। उचकागांव थाना क्षेत्र के बरगछिया गांव में आयोजित एक निजी कार्यक्रम में हिस्सा लेने के लिए पूरा परिवार वहां पहुंचा। इस मौके पर रोहिणी आचार्य ने अपने ननिहाल और फुलवरिया से जुड़ी बचपन की यादों को ताजा करते हुए कहा कि गर्मी की छुट्टियों में उनका बचपन यहीं बीता है। उन्होंने कहा कि फुलवरिया उनका ननिहाल है, जहां मामा-मामी और मौसी समेत पूरा परिवार रहता है, और परिवार को अलग-अलग देखने के बजाय सभी को एक साथ रहना चाहिए।


प्रधानमंत्री के बिहार दौरे और वादों को लेकर केंद्र पर हमलावर दिखीं रोहिणी आचार्य

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बिहार दौरे को लेकर रोहिणी आचार्य ने केंद्र सरकार पर कड़ा निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री केवल चुनाव के समय बिहार आते हैं, जबकि जनता से किए गए वादे अब तक अधूरे हैं। रोहिणी आचार्य ने दावा किया कि बिहार की जनता को एक बार फिर झांसा देने की कोशिश की जा रही है।


भाजपा पर सहयोगियों के इस्तेमाल का आरोप, नीतीश कुमार और निशांत पर कसा तंज

नीतीश कुमार के संदर्भ में रोहिणी आचार्य ने भारतीय जनता पार्टी पर हमला बोलते हुए कहा कि भाजपा अपने स्वार्थ के लिए सहयोगियों का इस्तेमाल करती है और मकसद पूरा होते ही उन्हें किनारे कर देती है। उन्होंने नीतीश कुमार और उनके बेटे निशांत कुमार को लेकर भी तंज कसा। हालांकि, नीतीश कुमार की संभावित घर वापसी के सवाल पर उन्होंने कहा कि इस पर निर्णय पार्टी के नेता लेंगे, लेकिन नीतीश चाचा के लिए उनके दिल का दरवाजा हमेशा खुला है और वे उनके बेहतर स्वास्थ्य व मान-सम्मान की कामना करती हैं।


राज ठाकरे के परिवार की कथित टिप्पणी पर जताई नाराजगी, सद्बुद्धि की प्रार्थना

महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना प्रमुख राज ठाकरे के परिवार की ओर से की गई कथित अभद्र टिप्पणी को लेकर भी रोहिणी आचार्य ने नाराजगी जाहिर की। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की भाषा का इस्तेमाल संबंधित लोगों के संस्कार को दिखाता है और उन्होंने छठी मैया से ऐसे लोगों को सद्बुद्धि देने की प्रार्थना की।


नमो नारायण मिश्रा की रिपोर्ट