Bihar news:रेलवे ट्रैक से सटे 41 छठ घाटों पर सुरक्षा को लेकर रेल प्रशासन अलर्ट, ट्रेन चालकों को जारी होंगे विशेष निर्देश

Bihar news:रेलवे ट्रैक से सटे 41 छठ घाटों पर सुरक्षा को लेकर
रेलवे ट्रैक से सटे 41 छठ घाटों पर सुरक्षा - फोटो : Reporter

Bihar news :लोक आस्था के महापर्व छठ के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर रेल प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। कटिहार रेल मंडल के अंतर्गत आने वाले कुल 41 छठ घाट ऐसे चिह्नित किए गए हैं, जो सीधे तौर पर रेलवे ट्रैक से जुड़े हुए हैं या जिनके रास्ते रेल पटरियों से होकर गुजरते हैं। इन घाटों तक पहुँचने के लिए कोई अन्य वैकल्पिक मार्ग उपलब्ध नहीं होने के कारण, छठ व्रती और अर्घ्य देने वाले श्रद्धालु मजबूरी में जान जोखिम में डालकर पटरियों के रास्ते ही घाटों तक आवागमन करते हैं।

रेल चालकों के लिए जारी होंगे विशेष दिशा-निर्देश

इस गंभीर स्थिति को देखते हुए कटिहार रेल मंडल के वरीय मंडल वाणिज्य प्रबंधक (सीनियर डीसीएम) अनूप कुमार सिंह ने सुरक्षा का विशेष खाका तैयार किया है। उन्होंने बताया कि विभागीय अधिकारियों और स्थानीय लोगों से मिले फीडबैक के आधार पर इन 41 संवेदनशील घाटों की सूची तैयार की गई है। पर्व के दौरान संध्या और प्रातःकालीन अर्घ्य के समय इन इलाकों से गुजरने वाली ट्रेनों के लोको पायलट (ड्राइवरों) को विशेष सतर्कता बरतने, लगातार हॉर्न बजाने और आवश्यकतानुसार ट्रेनों की गति नियंत्रित रखने के सख्त निर्देश दिए जा रहे हैं। इसके अतिरिक्त, रेलवे सुरक्षा बल (RPF) और जीआरपी के जवानों की भी इन पॉइंट्स पर तैनाती सुनिश्चित की जा रही है ताकि भीड़ को पटरियों पर अनावश्यक रूप से रुकने से रोका जा सके।

पूजा समितियों और स्वयंसेवकों की भी रहेगी अहम भूमिका

रेल प्रशासन के साथ-साथ इन 41 घाटों से जुड़ी स्थानीय छठ पूजा समितियों ने भी जिम्मेदारी संभाली है। समिति के सदस्यों का कहना है कि अर्घ्य के दौरान पटरियों के किनारे स्वयंसेवकों की विशेष टीम तैनात रहेगी, जो श्रद्धालुओं को सुरक्षित तरीके से ट्रैक पार कराने और उन्हें पटरियों से दूर रखने में प्रशासन की मदद करेगी। प्रशासन और स्थानीय समितियों के इस संयुक्त प्रयास का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि आस्था के इस महापर्व के दौरान किसी भी प्रकार की अनहोनी या रेल दुर्घटना को पूरी तरह टाला जा सके।

रिपोर्ट श्याम कुमार सिंह