छठ महापर्व के बाद लौटने वाले यात्रियों के लिए विशेष ट्रेनों में सीटों की उपलब्धता की सूची जारी, ऐसे करें रिजर्वेशन

छठ के बाद काम पर लौटने वाले लोगों के लिए बड़ी खबर है। विभिन्न रूटों पर चलने वाली स्पेशल ट्रेनों में शयनयान और वातानुकूलित श्रेणियों में सीटें उपलब्ध है। रेलवे ने इसकी सूची जारी की है....

छठ महापर्व के बाद लौटने वाले यात्रियों के लिए विशेष ट्रेनों
छठ महापर्व के बाद लौटने वाले यात्रियों के लिए खुशखबरी- फोटो : सांकेतिक तस्वीर

Patna : लोक आस्था के महापर्व छठ की समाप्ति के बाद अपने कार्यस्थलों और अन्य प्रमुख शहरों की ओर लौटने वाले यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पूर्व मध्य रेलवे (पूमरे) ने विशेष ट्रेनों में सीटों की उपलब्धता की विस्तृत सूची जारी कर दी है। रेलवे प्रशासन का यह प्रयास है कि पर्व के बाद घर से लौटने वाले यात्रियों को टिकट की मारामारी और आवागमन में किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। यात्री अपनी यात्रा की तिथि और रूट के अनुसार इन विशेष ट्रेनों में आसानी से अपनी सीटें आरक्षित करवा सकते हैं।


पटना से नई दिल्ली, हावड़ा, चंडीगढ़ और आसनसोल जाने वाली ट्रेनों का हाल

पूमरे द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, पटना से नई दिल्ली के लिए ट्रेन संख्या 02253 में वातानुकूलित चेयरकार श्रेणी में 25 और 28 नवंबर को सीटें उपलब्ध हैं, जबकि गाड़ी 02251 में भी एसी चेयरकार में सीटें खाली हैं। इसके अलावा पटना से हावड़ा जाने वाली गाड़ी संख्या 02024 में 29 नवंबर को द्वितीय चेयरकार और एसी चेयरकार श्रेणी में सीट मिल जाएगी। पटना से चंडीगढ़ के लिए गाड़ी संख्या 04511 में 27 नवंबर को एसी थ्री और एसी थ्री इकोनॉमी श्रेणी में सीटें मौजूद हैं। वहीं, पटना से आसनसोल के लिए गाड़ी संख्या 03512 में 22 और 29 नवंबर को शयनयान (स्लीपर), थ्री एसी और टू एसी श्रेणी में सीटें खाली हैं।


दानापुर और पाटलिपुत्र जंक्शन से इन रूटों के लिए भी मिल रही हैं आरक्षित सीटें

दानापुर से आनंद विहार जाने वाली गाड़ी संख्या 03257 में 29 नवंबर को एसी थ्री इकोनॉमी और एसी थ्री श्रेणी में बर्थ उपलब्ध हैं। पाटलिपुत्र से रामनगर जाने वाली गाड़ी संख्या 05079 में 22 और 29 नवंबर को सेकेंड चेयरकार, शयनयान, थ्री एसी, टू एसी और एसी चेयरकार श्रेणी में सीटें खाली हैं। दानापुर से हड़पसर के बीच चलने वाली गाड़ी संख्या 01442 में 27, 28, 29 और 30 नवंबर को शयनयान श्रेणी में आरक्षित सीटें उपलब्ध हैं। इसके साथ ही, दानापुर से सगेरिया (कोटा) के लिए गाड़ी संख्या 09824 में 16 नवंबर को फर्स्ट, सेकेंड, थर्ड एसी और शयनयान श्रेणी में सीटें खाली हैं।


जयपुर, विशाखापट्टनम और अन्य गंतव्य के लिए भी उपलब्ध हैं विकल्प

अन्य प्रमुख मार्गों की बात करें तो पटना से खातीपुरा (जयपुर) के लिए 24 नवंबर को सेकेंड एसी और थ्री एसी में सीटें खाली हैं। वहीं, 23 नवंबर को पटना से विशाखापट्टनम जाने वाली गाड़ी संख्या 08587 में शयनयान श्रेणी और थ्री एसी में यात्री आरक्षित सीटें प्राप्त कर सकते हैं। रेलवे ने स्पष्ट किया है कि जिन यात्रियों को इन निर्धारित तिथियों में यात्रा करनी है, वे रेलवे के काउंटर या आधिकारिक ऑनलाइन माध्यमों (IRCTC) से अपनी सीटों का आरक्षण तुरंत सुनिश्चित करवा सकते हैं।


अतिरिक्त भीड़ को नियंत्रित करने के लिए रेलवे प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद

रेलवे अधिकारियों का कहना है कि यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को सुगमता से गंतव्य तक पहुंचाने के लिए विशेष ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है और लगातार स्थिति की मॉनिटरिंग की जा रही है। स्टेशनों पर यात्रियों की सुरक्षा, हेल्प डेस्क और व्यवस्थित आवागमन के लिए भी पर्याप्त प्रबंध किए गए हैं, ताकि किसी भी यात्री को परेशानी न हो।