Chhath Puja 2026: कटिहार में छठ महापर्व की धूम, मनिहारी गंगा घाट पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़, DM और SP ने परखी सुरक्षा व्यवस्था
Chhath Puja 2026: छठ महापर्व पर कटिहार के मनिहारी गंगा घाट पर 10 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने स्नान किया। डीएम और एसपी ने घाट पर सुरक्षा और व्यवस्था का जायजा लिया।
Chhath Puja 2026: छठ महापर्व को लेकर कटिहार के मनिहारी गंगा घाट पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। पूरा घाट छठव्रतियों और श्रद्धालुओं से भरा नजर आया। सीमांचल के अलग-अलग जिलों के अलावा पश्चिम बंगाल, असम और पड़ोसी देश नेपाल से भी बड़ी संख्या में लोग गंगा स्नान के लिए पहुंचे। अनुमान के मुताबिक, 10 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने गंगा में आस्था की डुबकी लगाई।
गंगा स्नान के लिए सुबह से जुटने लगे श्रद्धालु
मनिहारी गंगा घाट पर सुबह से ही श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था। लोग गंगा में स्नान करने के बाद छठ पूजा के लिए पवित्र गंगाजल और गंगा की मिट्टी लेकर अपने घर लौटते नजर आए। छठ पूजा में गंगाजल और गंगा की मिट्टी का विशेष महत्व माना जाता है। इसी वजह से हर साल बड़ी संख्या में श्रद्धालु यहां पहुंचते हैं।
सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने पहुंचे डीएम और एसपी
लाखों श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा। कटिहार के डीएम और एसपी खुद मनिहारी गंगा घाट पहुंचे और सुरक्षा, साफ-सफाई, बैरिकेडिंग और श्रद्धालुओं की आवाजाही की व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों को जरूरी निर्देश भी दिए।
घाट पर पुलिस बल तैनात, अधिकारी कर रहे निगरानी
एसपी परिचय कुमार ने बताया कि घाट के अलग-अलग हिस्सों में पर्याप्त संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी लगातार मौके पर रहकर व्यवस्था की निगरानी कर रहे हैं।
भीड़ को नियंत्रित करने के साथ किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पुलिसकर्मियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। लाखों श्रद्धालुओं की मौजूदगी के बीच उनकी सुरक्षा और घाट पर सुचारु व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन के लिए बड़ी जिम्मेदारी बनी हुई है।
कटिहार से श्याम कुमार सिंह