Katihar Accident News: छठ घाट से लौट रहे दो भाइयों को अग्निशमन की गाड़ी ने रौंदा, गंभीर हालत में पूर्णिया रेफर

कटिहार के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बालीटीकर गांव के पास छठ घाट से लौट रहे दो सगे भाइयों को अग्निशमन विभाग की गाड़ी ने टक्कर मार दी। इस हादसे में दोनों बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए, जिसके बाद गुस्साए ग्रामीणों ने सड़क जाम कर प्रदर्शन किया।

Fire Brigade Vehicle Accident Katihar Two Brothers Injured

बिहार के कटिहार जिले में लोक आस्था के महापर्व छठ के दौरान एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बालीटीकर गांव के पास छठ घाट से अपने घर लौट रहे दो सगे भाइयों को अग्निशमन विभाग (फायर ब्रिगेड) की एक तेज रफ्तार गाड़ी ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी, जिससे दोनों भाई गंभीर रूप से घायल हो गए।


एक बच्चा गाड़ी के नीचे फंसा, स्थानीय लोगों ने बचाकर अस्पताल पहुंचाया

प्रत्यक्षदर्शियों और परिजनों के अनुसार, हादसे में समीर (16) और दीपक (15) नामक दोनों भाई बुरी तरह जख्मी हो गए। टक्कर इतनी भयानक थी कि एक बच्चा वहीं सड़क पर गिर पड़ा, जबकि दूसरा बच्चा गाड़ी के नीचे फंस गया था, जिसे स्थानीय लोगों की कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया। इसके बाद आनन-फानन में दोनों को इलाज के लिए कटिहार मेडिकल कॉलेज भेजा गया।


गुस्साए ग्रामीणों ने की आगजनी और सड़क जाम, मुआवजे की मांग

घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने सड़क पर आगजनी कर जमकर प्रदर्शन किया। पीड़ित परिवार और स्थानीय लोगों का कहना है कि दोनों बच्चे बेहद गरीब परिवार से ताल्लुक रखते हैं और इलाज का खर्च उठाना उनके लिए संभव नहीं है, इसलिए प्रशासन तुरंत उचित मुआवजे की व्यवस्था करे।


पुलिस ने मौके पर पहुंचकर संभाली स्थिति, एक बच्चा पूर्णिया रेफर

हंगामे की सूचना मिलते ही सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (SDPO) विशाल आनंद तुरंत दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और उग्र ग्रामीणों को समझा-बुझाकर शांत कराया। एसडीपीओ ने बताया कि अग्निशमन वाहन की चपेट में आने से यह दुर्घटना हुई है, जिसमें एक बच्चे की हालत खतरे से बाहर है, जबकि दूसरे की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए पूर्णिया रेफर कर दिया गया है।

कटिहार से श्याम कुमार सिंह की रिपोर्ट