डीएम ऑफिस के सामने 'दबंगई': सरेराह जोड़े को उठाने आए सफेद गाड़ी वाले, बीच सड़क पर घंटों चला हाई वोल्टेज ड्रामा

कटिहार समाहरणालय के बाहर एक प्रेमी जोड़े को जबरन गाड़ी में बिठाने की कोशिश की गई। नशा मुक्ति केंद्र का बहाना बनाकर परिजनों ने उन्हें खींचने का प्रयास किया। घटना के दौरान सड़क पर काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा

डीएम ऑफिस के सामने 'दबंगई': सरेराह जोड़े को उठाने आए सफेद गा

Katihar - : बिहार के कटिहार जिले से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहाँ जिला समाहरणालय के मुख्य द्वार पर दिनदहाड़े एक प्रेमी जोड़े को जबरन उठाने का प्रयास किया गया। यह पूरी घटना मौके पर मौजूद किसी व्यक्ति ने अपने मोबाइल में कैद कर ली, जिसका वीडियो अब इंटरनेट मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। घटना के दौरान सड़क पर काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा और लोग मूकदर्शक बने रहे।

सफेद गाड़ी से आए और शुरू की खींचतान 

वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि एक सफेद गाड़ी अचानक समाहरणालय के गेट के पास रुकती है और उसमें से कुछ लोग उतरकर युवक-युवती को जबरन गाड़ी में बिठाने की कोशिश करते हैं। बताया जा रहा है कि यह प्रेमी जोड़ा प्रेम विवाह करने के बाद संभवतः सुरक्षा या किसी कानूनी कार्य के लिए समाहरणालय पहुँचा था। जैसे ही लड़के के परिजनों ने उन्हें देखा, उन्होंने फिल्मी अंदाज में सड़क पर ही उनके साथ खींचतान शुरू कर दी।

"नशा मुक्ति केंद्र से भागा है पेशेंट" 

विवाद के दौरान जब लोगों ने बीच-बचाव करने की कोशिश की, तो सफेद गाड़ी से आए एक युवक ने स्थिति को संभालने के लिए अजीबोगरीब दलील दी। उसने भीड़ के सामने चिल्लाते हुए कहा, "इसका एडमिशन नशा मुक्ति केंद्र (रंजीत फाउंडेशन, सिरसा) में हुआ है और यह वहां से दो दिन से भागा हुआ पेशेंट है"। वहीं दूसरी ओर, मौके पर मौजूद युवती और अन्य लोग इसे 'अपहरण' और 'जबरदस्ती शादी' कराने की कोशिश बताते हुए मदद की गुहार लगाते दिखे।

पुलिस की कार्रवाई और जांच 

भीड़भाड़ वाले इलाके में दिनदहाड़े हुई इस खींचतानी की सूचना मिलते ही सहायक थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुँची। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए प्रेमी जोड़े और मौके पर मौजूद उनके परिजनों को अपनी हिरासत में ले लिया और थाने ले आई। पुलिस अब दोनों पक्षों से पूछताछ कर रही है और यह जानने की कोशिश कर रही है कि क्या युवक वास्तव में किसी नशा मुक्ति केंद्र से भागा था या फिर यह प्रेम विवाह के विरोध में किया गया एक सुनियोजित अपहरण का प्रयास था।

Report - Shayam