Bihar Chhath Puja 2026: दीपावली और छठ पर यात्रियों की सुरक्षा को लेकर रेलवे अलर्ट, RPF-GRP चला रही ये विशेष अभियान

Bihar Chhath Puja 2026: दीपावली और लोक आस्था के महापर्व छठ के अवसर पर दूसरे राज्यों में काम करने वाले बड़ी संख्या में लोग अपने घर लौट रहे हैं।...

Bihar Chhath Puja 2026
यात्रियों की सुरक्षा को लेकर रेलवे अलर्ट- फोटो : reporter

Bihar Chhath Puja 2026: दीपावली और लोक आस्था के महापर्व छठ के अवसर पर दूसरे राज्यों में काम करने वाले बड़ी संख्या में लोग अपने घर लौट रहे हैं। त्योहारों के इस मौसम में रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों की भीड़ लगातार बढ़ रही है। ऐसे में यात्रियों की सुरक्षा, सुविधा और सुरक्षित रेल यात्रा सुनिश्चित करना रेलवे प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती बन गया है। इसी को देखते हुए कटिहार रेल मंडल विशेष रूप से सतर्क हो गया है। यात्रियों की सुरक्षा को लेकर रेलवे सुरक्षा बल (RPF) और राजकीय रेल पुलिस (GRP) ने संयुक्त रूप से विशेष अभियान शुरू किया है।

RPF और GRP की संयुक्त टीम चला रही अभियान

त्योहारों के दौरान ट्रेनों और रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए सुरक्षा एजेंसियां लगातार निगरानी कर रही हैं। कटिहार रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के साथ यात्रियों को बेहतर सेवा और सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराने की कोशिश की जा रही है।आरपीएफ और जीआरपी के जवान स्टेशन परिसर, प्लेटफॉर्म और ट्रेनों में विशेष सतर्कता बरत रहे हैं। अधिकारियों के मुताबिक, छोटी-बड़ी आपराधिक घटनाओं को रोकना और यात्रियों को किसी भी तरह की परेशानी से बचाना इस अभियान की प्राथमिकता है।

नशाखुरानी गिरोह पर अंकुश लगाना बड़ी चुनौती

त्योहारों के दौरान यात्रियों की भीड़ का फायदा उठाकर नशाखुरानी गिरोह भी सक्रिय हो जाते हैं। खासकर लंबी दूरी की यात्रा करने वाले यात्रियों को निशाना बनाने की आशंका रहती है। ऐसे में नशाखुरानी की घटनाओं पर अंकुश लगाना रेल पुलिस के लिए बड़ी जिम्मेदारी है।यात्रियों को अनजान लोगों से खाने-पीने की चीजें नहीं लेने, किसी अपरिचित व्यक्ति पर आंख मूंदकर भरोसा नहीं करने और अपने सामान की निगरानी रखने की सलाह दी जा रही है। सुरक्षा एजेंसियां इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए लगातार अभियान चला रही हैं।

माइकिंग से यात्रियों को किया जा रहा जागरूक

कटिहार रेलवे स्टेशन पर माइकिंग के जरिए यात्रियों को लगातार सुरक्षा संबंधी संदेश दिए जा रहे हैं। उन्हें सतर्क रहने, संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तत्काल रेलवे सुरक्षा बल या जीआरपी को देने और यात्रा के दौरान सावधानी बरतने की अपील की जा रही है।रेलवे प्रशासन का उद्देश्य केवल आपराधिक घटनाओं पर रोक लगाना ही नहीं, बल्कि यात्रियों के मन में सुरक्षा का भरोसा कायम करना भी है। इसके लिए स्टेशन परिसर में जागरूकता अभियान को लगातार गति दी जा रही है।

त्योहारों पर सुरक्षित घर पहुंचाने की तैयारी

दीपावली और छठ बिहार के सबसे महत्वपूर्ण त्योहारों में शामिल हैं। इन अवसरों पर दिल्ली, मुंबई, पंजाब, हरियाणा, गुजरात और देश के दूसरे हिस्सों से बड़ी संख्या में प्रवासी बिहार लौटते हैं। ऐसे में रेलवे पर यात्रियों का दबाव बढ़ना स्वाभाविक है।कटिहार रेल मंडल की सुरक्षा एजेंसियां इस चुनौती से निपटने के लिए मुस्तैद हैं। अधिकारियों का कहना है कि यात्रियों की सुरक्षा और सुविधाजनक यात्रा सुनिश्चित करने के लिए विशेष निगरानी और जागरूकता अभियान जारी रहेगा।त्योहारों के इस मौसम में कटिहार रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन की सक्रियता बढ़ गई है। आरपीएफ और जीआरपी की संयुक्त कोशिश है कि लोग बिना किसी भय और परेशानी के अपने घर पहुंचें तथा अपनों के साथ दीपावली और छठ का पर्व हर्षोल्लास के साथ मना सकें।

रिपोर्ट- श्याम कुमार सिंह