दीपावली की खुशियां मातम में बदली, नवादा में भीषण सड़क हादसा, एक की मौत, घायलों की स्थिति गंभीर

जिस घर में दीपावली की तैयारी चल रही थी, वहां अब मातम पसरा हुआ है। घर की साफ-सफाई हो चुकी थी और परिवार दीपावली का त्योहार मनाने की तैयारी में जुटा था। लेकिन हादसे की खबर मिलते ही परिवार की खुशियां पलभर में बिखर गईं।

Nawada Road Accident
Nawada Road Accident- फोटो : news4nation

Bihar News :  बिहार के नवादा में दीपावली की खुशियां एक परिवार के लिए मातम में बदल गईं। नगर थाना क्षेत्र के मोहुली पेट्रोल पंप के पास तेज रफ्तार दो वाहनों के बीच हुई जोरदार टक्कर में एक 25 वर्षीय युवक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया।


मृतक की पहचान मलूका बीघा गांव निवासी मनोज विश्वकर्मा के लगभग 25 वर्षीय पुत्र संदीप कुमार के रूप में हुई है। घटना के बाद पूरे परिवार में कोहराम मचा हुआ है।


मृतक के मामा बाल्मीकि विश्वकर्मा ने बताया कि दो वाहनों के बीच टक्कर हुई, जिसमें उनके भांजे की जान चली गई। उन्होंने बताया कि संदीप गाड़ी चलाकर सामान्य तरीके से जा रहा था, तभी यह हादसा हो गया।


सबसे दुखद पहलू यह है कि जिस घर में दीपावली की तैयारी चल रही थी, वहां अब मातम पसरा हुआ है। घर की साफ-सफाई हो चुकी थी और परिवार दीपावली का त्योहार मनाने की तैयारी में जुटा था। लेकिन हादसे की खबर मिलते ही परिवार की खुशियां पलभर में बिखर गईं। घर के छोटे बेटे की मौत ने माता-पिता और परिजनों को गहरे सदमे में डाल दिया है।


घटना की सूचना मिलते ही नगर थाना प्रभारी उमाशंकर सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कराई।


फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है। इस दर्दनाक हादसे ने त्योहार के माहौल में पूरे इलाके को गमगीन कर दिया है।

अमन की रिपोर्ट