Bihar Rural Roads: संवेदक की लापरवाही से सड़क बनी मुसीबत, दो किलोमीटर तक बिखरे पत्थर; राहगीरों की बढ़ी परेशानी

Bihar Rural Roads: ग्रामीण सड़कों के निर्माण और विकास के दावों के बीच सड़क निर्माण में लापरवाही का खामियाजा आम लोगों को भुगतना पड़ रहा है।

Bihar Rural Roads: संवेदक की लापरवाही से सड़क बनी मुसीबत, दो
संवेदक की लापरवाही से सड़क बनी मुसीबत- फोटो : X

Bihar Rural Roads: ग्रामीण सड़कों के निर्माण और विकास के दावों के बीच सड़क निर्माण में लापरवाही का खामियाजा आम लोगों को भुगतना पड़ रहा है। जमालपुर-भरतखंड-14 से बगुलवा ढाला, भरतखंड हॉल्ट होते हुए एनएच-31 तक जाने वाली करीब पांच किलोमीटर लंबी सड़क की हालत बेहद जर्जर हो गई है। सड़क की बदहाली ऐसी है कि लोगों के लिए इस रास्ते से पैदल गुजरना भी किसी मुसीबत से कम नहीं है। स्थानीय ग्रामीणों के मुताबिक, सड़क का करीब तीन किलोमीटर हिस्सा ही फिलहाल चलने लायक है, जबकि शेष दो किलोमीटर की स्थिति अत्यंत खराब है। सबसे बदतर हालत करीब आधा किलोमीटर हिस्से की है, जहां सड़क को उखाड़कर छोड़ दिया गया है। जगह-जगह बड़े पत्थर, बिखरी गिट्टियां और नुकीले टुकड़े राहगीरों के लिए खतरा बने हुए हैं।

सड़क की जर्जर स्थिति के कारण मोटरसाइकिल चालकों और पैदल यात्रियों को रोजाना जोखिम उठाना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि इस रास्ते पर अक्सर दुर्घटनाएं होती रहती हैं। खासकर बुजुर्गों, महिलाओं, बच्चों और किसानों को आवाजाही में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। रात के अंधेरे में सड़क पर बिखरे पत्थरों के कारण हादसे की आशंका और बढ़ जाती है।

सौढ़ दक्षिणी पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि राजेश कुमार मंडल समेत दर्जनों किसानों ने सड़क की बदहाली पर नाराजगी जताई है। उनका कहना है कि यह मार्ग क्षेत्र की बड़ी आबादी के लिए लाइफलाइन है। इसी रास्ते से किसान अपनी फसल बाजार पहुंचाते हैं, जबकि मजदूर, छात्र-छात्राएं और आम नागरिक भी प्रतिदिन आवागमन करते हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि संवेदक ने सड़क को उखाड़ने के बाद निर्माण कार्य अधूरा छोड़ दिया, जिससे पुरानी सड़क की तुलना में भी स्थिति बदतर हो गई है।

ग्रामीणों और किसानों ने सांसद, विधायक तथा जिला प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है। उन्होंने सड़क का स्थलीय निरीक्षण कराने, निर्माण कार्य की गुणवत्ता की जांच करने और संबंधित संवेदक की जवाबदेही तय करने की अपील की है। लोगों ने मांग की है कि बिना विलंब सड़क का गुणवत्तापूर्ण निर्माण पूरा कराया जाए, ताकि हजारों लोगों को रोजाना की परेशानी और दुर्घटना के खतरे से निजात मिल सके।

रिपोर्ट- अमित कुमार