Bihar News: बिहार में दिनदहाड़े बैंक लूट, हथियारबंद बदमाशों ने लूटे 1.30 लाख रुपये, इलाके में मचा हड़कंप
Bihar News: बिहार के मधेपुरा में अपराधियों का तांडव देखने को मिला है। बेखौफ अपराधियों ने दिनदहाड़े बैंक लूट की घटना को अंजाम दिया है। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। आनन फानन में पुलिस को सूचना दी गई।
Bihar News: बिहार में अपराधिक घटनाएं चरम पर है। बेखौफ अपराधी एक के बाद एक आपराधिक घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। ताजा मामला मधेपुरा का है। जहां बेखौफ अपराधियों ने दिनदहाड़े बैंक लूट की घटना को अंजाम दिया है। जानकारी अनुसार घटना भर्राही थाना क्षेत्र के मुरहो स्थित सेंट्रल बैंक शाखा मुरहो का है। बताया जा रहा है कि अचानक हथियारबंद अपराधियों ने धावा बोलकर करीब 1 लाख 30 हजार रुपये लूट लिए। घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।
दिनदहाड़े बैंक लूट
मिली जानकारी के अनुसार, बदमाश पूरी तैयारी के साथ बैंक पहुंचे थे और हथियार के बल पर कर्मचारियों को आतंकित कर लूट की वारदात को अंजाम दिया। सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि घटना के समय बैंक में मेंटेनेंस कार्य चल रहा था, जिसके कारण सीसीटीवी कैमरे बंद थे। इसी का फायदा उठाकर अपराधी आसानी से फरार हो गए।
पुलिस की छानबीन जारी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी गई है। एएसपी ने बताया कि बैंक मैनेजर के आवेदन के आधार पर केस दर्ज कर लिया गया है और विभिन्न पहलुओं पर छानबीन की जा रही है। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और अपराधियों की पहचान के लिए तकनीकी व स्थानीय स्तर पर प्रयास तेज कर दिए गए हैं।
बैंक स्टाफ की भूमिका पर संदेह
इस वारदात ने एक बार फिर बैंक सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। दिनदहाड़े हुई इस लूट से जहां पुलिस की गश्ती व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं, वहीं स्थानीय लोग बैंक स्टाफ की भूमिका पर भी संदेह जता रहे हैं। लोगों का कहना है कि लगातार तीन दिनों तक बैंक का सीसीटीवी बंद रहना महज लापरवाही नहीं हो सकती, बल्कि इसमें किसी अंदरूनी मिलीभगत की आशंका से भी इनकार नहीं किया जा सकता। फिलहाल पुलिस हर एंगल से मामले की जांच में जुटी है और जल्द खुलासा करने का दावा कर रही है।