Bihar News: बिहार पुलिस ने राज्य के कुख्यात इनामी अपराधी को गिरफ्तार कर लिया है। यह अपराधी एक लाख का इनामी था और कोसी क्षेत्र में दहशत फैला रखा था। पुलिस ने इसे पंचाब से गिरफ्तार किया है। इस बदमाश पर एक दर्जन से अधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस ने इस पर 1 लाख का इनाम घोषित किया है। मधेपुरा पुलिस की विशेष टीम ने आरोपी को दबोचा है।
1 लाख का इनामी अपराधी धराया
दरअसल, कोसी क्षेत्र के कुख्यात अपराधी प्रिंस कुमार को मधेपुरा पुलिस की विशेष टीम ने पंजाब से गिरफ्तार कर लिया है। ग्वालपाड़ा थाना क्षेत्र के श्याम वार्ड-11 निवासी रेशमलाल यादव के बेटे प्रिंस कुमार पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया गया था। वह लंबे समय से फरार था। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया।
हत्या, लूट सहित ये मामले दर्ज
एसपी संदीप सिंह ने बताया कि प्रिंस कुमार पर हत्या, लूट, रंगदारी और आर्म्स एक्ट सहित कई गंभीर मामले दर्ज हैं। वह लंबे समय से पुलिस की पकड़ से बाहर था और लगातार आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त था। मधेपुरा पुलिस की विशेष टीम ने योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई करते हुए 8 फरवरी को पंजाब से उसे गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की।
कोसी क्षेत्र में देता था घटनाओं को अंजाम
एसपी के अनुसार, 14 नवंबर 2024 को श्याम गांव में प्रिंस कुमार ने अशोक कुमार अमर के घर पर अवैध हथियार से अंधाधुंध फायरिंग की थी। इसके अलावा, दहशत फैलाने के इरादे से ग्वालपाड़ा और श्याम बाजार में भी कई हवाई फायर किए थे, जिससे स्थानीय लोगों में भय का माहौल बन गया था। इसकी आपराधिक गतिविधियों पर पुलिस मुख्यालय से भी नजर रखी जा रही थी। मधेपुरा के अलावा, सहरसा जिले के कई थानों में भी उसके खिलाफ मामले दर्ज हैं। एसपी ने इस गिरफ्तारी को कोसी क्षेत्र में अपराध पर अंकुश लगाने की दिशा में एक बड़ी सफलता बताया है।