Bihar Election 2025 : मधेपुरा में तेजस्वी ने चुनावी सभा को किया संबोधित, कहा- कुर्सी बचाने में समय बिता रही NDA सरकार
MADHEPURA : बिहार विधानसभा में विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव ने आज मधेपुरा पहुंचकर अपनी पार्टी राष्ट्रीय जनता दल के प्रत्याशी और पूर्व मंत्री प्रो. चंद्रशेखर के पक्ष में चुनावी प्रचार किया। उन्होंने मधेपुरा विधानसभा क्षेत्र की जनता से RJD प्रत्याशी को अधिक से अधिक मतों से जिताने की भावुक अपील की।
लोगों को ठग रही NDA सरकार
तेजस्वी यादव ने चुनावी सभा को संबोधित करते हुए बिहार और केंद्र की सरकारों पर तीखे हमले किए। उन्होंने निवर्तमान मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व वाली NDA सरकार पर आलोचना करते हुए कहा कि पिछले 20 वर्षों की बिहार सरकार और केंद्र की मोदी सरकार ने जनता को केवल ठगने का काम किया है।
कुर्सी बचाने में समय बिता रही NDA सरकार
यादव ने आरोप लगाया की "नीतीश कुमार के नेतृत्व में बनी NDA की सरकार बिहार की जनता को सिर्फ ठगने का काम किया है और अपने कुर्सी को बचाने में समय बिताते रहा।"इसके अतिरिक्त यादव ने केंद्र की मोदी सरकार पर निशाना साधते हुए गंभीर आरोप लगाया कि वह "वोट की चोरी" करके सत्ता पर काबिज़ हुई है और अब सत्ता में बने रहने के लिए इसी प्रकार के हथकंडे अपना रही है।
VIP और अन्य नेताओं ने भी किया संबोधित
प्रो. चंद्रशेखर के समर्थन में आयोजित इस सभा को महागठबंधन के अन्य प्रमुख नेताओं ने भी संबोधित किया। सभा में विकासशील इंसान पार्टी VIP के मुखिया मुकेश सहनी और आई. पी. गुप्ता के साथ-साथ अन्य स्थानीय नेताओं ने अपनी बात रखी और महागठबंधन के पक्ष में वोट देने की अपील की। इससे पूर्व, मधेपुरा आगमन पर RJD जिला अध्यक्ष और विधानसभा के पार्टी नेताओं ने विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव का गर्मजोशी से फूलों की माला पहनाकर स्वागत किया।
मधेपुरा से देवकांत झा की रिपोर्ट